UP Election 2022 : बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- सपा और गुंडागर्दी पर्यायवाची, अखिलेश यादव पर अनुराग ठाकुर ने किया बड़ा हमला

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उरई जालौन में प्रभावी मतदाता संवाद किया। उधर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लखनऊ से सपा पर हमला बोला।;

Update: 2022-02-04 11:49 GMT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) के लिए भाजपा (BJP) के तमाम बड़े नेता विपक्ष पर प्रहार कर रहे हैं। आज पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने जहां यूपी के लिए वर्चुअल रैली (Virtual Rally) की, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) तक तमाम नेताओं ने विपक्ष को घेरा। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने आज उरई जालौन में जनसभा की, जिसमें सपा और गुंडागर्दी को पर्यायवाची बताया। उधर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने लखनऊ से सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर कड़ा प्रहार किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एक समय था कि 1998-2000 में जब भारत के आंकड़े आते थे तो आशाजनक नहीं आते थे, तब बताया गया था कि कुछ बीमारू राज्य हैं, जिसमें बीमारू का U उत्तर प्रदेश था। आज UP हो गया उपयोगी, UP नंबर-1 राज्य हो गया है। उन्होंने कहा कि यूपी में सपा और गुंडागर्दी पर्यायवाची शब्द है। उन्होंने लोगों से पूछा कि विकास चाहते हैं या गुंडागर्दी। विकास चाहते हैं तो बीजेपी को जीत दिलाएं।

उन्होंने कहा कि सपा के शासन में माफिया राज रहा, अपहरण उद्योग बन गया था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के शासन में अपराध, लूट और दुराचार जैसी घटनाओं में काफी कमी आ गई है। भाजपा ने हमने जो कहा था, वो किया है, जो कहेंगे, वो करेंगे।'

उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने कभी विकास कार्य नहीं गिनवाए। उन्होंने केवल जमीन हड़पने का काम किया। अगर उन्हें कुछ बनवाना है तो जेल बनवाएंगे, क्योंकि उनके अधिकांश मित्र वहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहन बेटियां योगी सरकार के शासन में सुरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश विकास की नई कहानियां लिख रहा है। उन्होंने बीजेपी से पार्टी के लिए वोट मांगे ताकि विकास कार्यों का सिलसिला आगे बढ़ता रहे।

अनुराग ठाकुर ने भी साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक अनुराग ठाकुर ने कहा कि अखिलेश यादव ने शायद ही ऐसे किसी अपराधी, दंगाई और माफियां को छोड़ा होगा जिसका नाम उम्मीदवार की सूची में ना हो। जो जेल के पीछे हैं उन लोगों का समर्थन अगर ये लोग चोरी-छिपे करते हैं तो प्रदेश की जनता उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। 

Tags:    

Similar News