UP Election 2022 : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी और अखिलेश को घेरा, कहा- ऐसी राजनीति से बाज आओ
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मथुरा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विरोधियों को राजनीति करने का उद्देश्य भी खुलकर सामने रखा। पढ़िये पूरी रिपोर्ट...;
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने आज मथुरा (Mathura) में यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) के मद्देनजर विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने जहां यूपी की पूर्व सरकारों के शासन में कानून व्यवस्था को लेकर घेरा तो वहीं केंद्र में पूर्व की सरकारों पर भी जमकर हमला बोला।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने गलवान घाटी में चीन-भारत संघर्ष के बारे में बात की, उन्होंने जो कुछ भी पढ़ा, उस पर विश्वास किया और कहा कि केवल तीन चीनी जवान मारे गए।
उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि ऑस्ट्रेलिया के एक समाचार पत्र के अनुसार 38-50 चीनी जवान मारे गए, जबकि 2-4 नहीं। उन्होंने कहा कि भारत की सीमाएं सुरक्षित।
रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनिया ने पहले हमें गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन आज भारत कमजोर नहीं है। हम कुछ कहते हैं तो पूरी दुनिया सुनती है। आपने देखा कि कैसे हमारी सेना ने उरी और पुलवामा हमलों के बाद पाकिस्तानी जमीन पर आतंकवादियों का सफाया कर दिया। हमनें कड़ा संदेश दिया है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी वार किया। कहा कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है। मैं सपा को कहना चाहता हूं कि इस तरह की राजनीति से बाज आओ। मैं सपा के लोगों को कहना चाहता हूं कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जाती है, राजनीति समाज और देश को बनाने के लिए की जाती है।