UP Election 2022 : प्रियंका गांधी बोलीं- भाजपा अपने घोषणा पत्र का नाम धोखा पत्र रखें, जानें वजह?
UP Congress Manifesto 2022 : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा 5 सालों में अपने घोषणापत्र के 1/4 वादे भी नहीं पूरे कर पाई। न 5 सालों के काम का हिसाब, न ही भविष्य निर्माण का कोई विजन।;
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) के मद्देनजर कांग्रेस (Congress) ने आज यूपी (UP) के लिए दोपहर साढ़े 12 बजे घोषणा पत्र (Manifesto) को जारी किया। इस घोषणा पत्र को उन्नति विधान (Unnati Vidhan) नाम दिया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने इससे पूर्व बीजेपी पर भी निशाना साधा।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'भाजपा को अपने "घोषणा पत्र" का नाम धोखा पत्र रखना चाहिए। 70 सालों की रट लगाने वाली भाजपा 5 सालों में अपने घोषणापत्र के 1/4 वादे भी नहीं पूरे कर पाई। न 5 सालों के काम का हिसाब, न ही भविष्य निर्माण का कोई विजन। इसलिए कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को कॉपी-पेस्ट करके अपना काम चला रही है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि उत्तर प्रदेश की जनता एक ऐसी सरकार की हकदार है जो उनकी प्रगति और भलाई को अपने एजेंडे के केंद्र में रखे। प्रदेश की जनता को एक ऐसी राजनीतिक व्यवस्था चाहिए जो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके। यूपी कांग्रेस का उन्नति विधान इसका रास्ता तैयार करेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी ने कल ही अपने घोषणा पत्र जारी किए थे। बीजेपी ने जहां घोषणा पत्र को नाम लोक कल्याण संकल्प दिया था, वहीं सपा ने अपने घोषणा पत्र को सत्य वचन-अटूट वादा घोषणा पत्र जारी किया था। अब कांग्रेस ने घोषणा पत्र को नाम उन्नति विधान दिया है।
कल होगा पहले चरण का मतदान
उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान दस फरवरी को होगा। पहले चरण के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों (58 Assembly Seats) पर दस फरवरी को मतदान होगा। इन 11 जिलों में शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा शामिल हैं।