UP Election 2022 : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बिलासपुर में गरजीं, सीएम योगी से पीएम मोदी तक साधा निशाना, कहा- आपको बर्बाद कर दिया

बिलासपुर में रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने पूछा कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि लॉकडाउन में गरीबों की मदद करके कांग्रेस ने गलती की। लोग परेशान हुए तो इन्होंने खुद मदद क्यों नहीं की? उन्होंने किसान आंदोलन से लेकर तमाम अन्य मुद्दों पर भी चौतरफा वार किया। पढ़िये पूरी रिपोर्ट...;

Update: 2022-02-10 11:08 GMT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) के दूसरे चरण (2nd Phase) के लिए चुनाव प्रचार अभियान (Election Campaign) में जुटी कांग्रेस (Congress) की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने आज बिलासपुर (Bilaspur) में हूंकार भरी। इस दौरान उन्होंने जहां यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) पर जमकर प्रहार किए, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को घेरने का भी एक मौका नहीं चूका। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने जनता को बर्बार कर दिया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अपने और प्रदेश की जनता की भलाई के लिए कांग्रेस को वोट अवश्य दें।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की एक नैतिक जिम्मेदारी होती है। उसे निभाना होता है। वह धर्म सब धर्म से परे होता है। जो अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाता, उसे हटाओ। जो सिर्फ आपको बांटने की राजनीति करते हैं, वे आपके लिए कुछ नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन कर रहे थे। कोरोना आया तो भी आंदोलन करते रहे। कई किसानों ने जान गंवाई। चुनाव आया तो डरकर कानून वापस ले लिया। उस कानून में क्या था? वह आपकी मेहनत को छीनकर अपने मित्रों को सौंप देने का कानून था।

उन्होंने सवाल पूछा कि मेरे सामने जितने नौजवान बैठे हैं, कितनों को रोजगार मिला? एक भी हाथ नहीं उठा। जो आकर कहते हैं कि गर्मी-चर्बी निकालेंगे, क्या यह आपकी समस्या है? 5 साल सत्ता में रहे और एक भी रोजगार नहीं दिया। जब कोई आए तो यह देखिए कि वह किसकी भलाई की बात कर रहा है?

यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि जितने पीएसयू थे, सारे के सारे अपने दोस्तों को बेच दिए। रोजगार कहां से आते हैं? वहीं से आते हैं जिसे बेच दिया गया। आप में से छोटे-छोटे व्यापारी, जो रोजगार पैदा करते हैं, उनके लिए इस सरकार ने क्या किया? आपको बर्बाद किया गया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी आपकी बर्बादी की शुरुआत थी। नोटबंदी से छोटे दुकानदार और व्यापारियों की बर्बादी हुई। फिर GST लाए, उससे आपको नुकसान हुआ। लॉकडाउन में भी आपको बर्बाद किया गया। भाजपा की सरकार केंद्र में भी है और राज्य में भी, इन्होंने आपकी मदद के लिए क्या किया?

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि लॉकडाउन में गरीबों की मदद करके कांग्रेस ने गलती की। लोग परेशान हुए तो इन्होंने खुद मदद क्यों नहीं की? घर से क्यों नहीं निकले? लोग सैकड़ों किलोमीटर पैदल चले, जान गंवाई। इन्होंने ट्रेन क्यों नहीं चलवाई? उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना मे मारे गए किसानों पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि किसानों का नरसंहार करने वाले के पिता से प्रधानमंत्री ने इस्तीफा क्यों नहीं लिया? छह किसानों को कुचलने वाले को आज जमानत मिल गई। अब वो खुलेआम घूमेगा। 

Tags:    

Similar News