UP Election 2022 : राजनाथ सिंह ने अखिलेश, मायावती और प्रियंका पर कसा तंज, बोले- लक्ष्मी जी साइकिल या हाथी पर नहीं आतीं, जानिये 'हाथ' के लिए क्या कहा?

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में जनसभा की। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी कमल के फूल पर बैठकर आती है। डबल इंजन सरकार के शासन में हर वर्ग के लिए कार्य हो रहे हैं।;

Update: 2022-02-16 13:32 GMT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) के प्रचार अभियान में जुटे नेता जहां विरोधी दलों पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं, वहीं एक-दूसरे पर तंज कस रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने जहां दस मार्च के नतीजों के बाद विपक्ष की गर्मी निकालने का बयान दिया था तो वहीं किसी ने चर्बी निकालने तो किसी ने भर्ती करने की बात कही। अब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने एकसाथ अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav), मायावती (Mayawati) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) पर तंज कसा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ने लखनऊ में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस, बसपा और सपा पर प्रहार करते हुए कहा कि जब घर में अनाज हो, जब में पैसा आ जाए, मकान भी हो और घर में पानी आने लगे तो इसी को घर में लक्ष्मी का वास होना कहते हैं।

उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी केवल कमल के फूल पर बैठकर आती हैं। लक्ष्मी माता साइकिल चलाते हुए या हाथी पर बैठकर या हाथ हिलाते हुए नहीं आती। उन्होंने कहा कि यूपी में डबल इंजन सरकार ने हर वर्ग के लिए कल्याणकारी कार्य कराए हैं। पहले दो चरणों में स्पष्ट हो चुका है कि बीजेपी भारी बहुमत की राह पर तेजी से अग्रसर चल रही है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पांच साल पहले यूपी बदहाल था। हर तरफ गुंडाराज और माफियाराज था। सीएम योगी के नेतृत्व में आज प्रदेश की सूरत बदल गई है। महिलाओं और बेटियों को बाहर निकलने में डर नहीं लगता। किसानों को फसलों का अच्छा दाम मिल रहा है। प्रदेश के हर हिस्से में विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया गया और बाकी परियोजनाओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी गरीबों के लिए अनाज की व्यवस्था की गई। गरीबों को मकान दिए गए। युवाओं को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि यूपी निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे, इसके लिए बीजेपी को ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें। 

Tags:    

Similar News