UP Road Accident: महराजगंज में अनियंत्रित कार पलटने से तीन लोगों की मौत, गोरखपुर में दो लोगों ने गंवाई जान
महाराजगंज में रविवार की देर रात बरात से लौट रही कार कोल्हुई क्षेत्र के पिपरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उधर, गोरखपुर में भी सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई है।;
उत्तर प्रदेश के महराजगंज (Maharajganj) में बारात से लौट रहे लोगों की कार पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज गोरखपुर (Baba Raghav Das Medical College Gorakhpur) में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम (Post Mortem) के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, गोरखपुर के सहजनवां में भी सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराजगंज में रविवार की देर रात बरात से लौट रही कार कोल्हुई क्षेत्र के पिपरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में रतनपुन निवासी रामकिशुन, नीरज उर्फ गोलू और परसामोली निवासी श्रवण गिरी शामिल हैं। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। घायलों में हालत की गंभीर बनी है। संबंधित जांच अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामे की जांच की जा रही है।
उधर, गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र सहजनवां के बाघागाड़ा फोरलेन पर बीती रात दर्दनाक हादसा हो गया। चार पहिया वाहन की चपेट में आने दो लोगों की मौत हो गई। इनकी शिनाख्त वार्ड नंबर 27 से जिला पंचायत सदस्य धीरज साहनी के भाई नीरज साहनी और उसके दोस्त जनार्दन यादव के रूप में हुई है। वो रविवार की रात को एक ट्रैक्टर देखने निकले थे। रात को करीब एक बजे अज्ञात वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नीरज तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अभी शादी नहीं हुई थी। उनके दोस्त जनार्दन ने दो शादी की है और दोनों शादी से दो-दो बच्चे हैं। दोनों मिट्टी का कारोबार कर रहे थे। जांच अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच चल रही है।