Bhadohi में Ambedkar की प्रतिमा हटाने को लेकर बवाल, police से भिड़ेे ग्रामीण, 11 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के भदोही (Bhadohi) में आंबेडकर (Ambedkar) प्रतिमा हटाने गई पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज किया। इलाके में फिलहाल पुलिस बल तैनात किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...;
उत्तर प्रदेश के भदोही (Bhadohi) जिले में आंबेडकर (Ambedkar) की प्रतिमा हटाने गई स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज किया। तब जाकर हालात पर काबू पाया गया। घटना के बाद भदोही पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 8 पुरुष और 3 महिला शामिल हैं। घटना में 2 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भुवनेश्वर कुमार पाण्डेय (Bhuvaneshwar Kumar Pandey) ने बताया कि मुंशी लाट पुर में एक तालाब पर वहां के दलित लोगों ने चबूतरा बनाकर उस पर दो फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित कर दी। इस बात की शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी यशवंत यादव और शहर कोतवाल अजय यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन बस्ती के लोग उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुए और पुलिस पर पथराव करने लगे। इसके बाद हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा। ग्रामीणों के पथराव की वजह से 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इस घटना के पीछे कुछ अराजक तत्वों का हाथ है, जो लोगों को भड़काकर समाज में शांति व्यवस्था को भंग करना चाहते हैं।
Also Read : UP: यूपी के बहराइच में मस्जिद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, 7 लोग घायल
पुलिस पर हमले के आरोप में 11 लोग गिरफ्तार
पुलिस पर पथराव के आरोप में राजपुर पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। बाकी आरोपियाें की तलाश की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।