बिहार के वांछित आरोपी की लखनऊ में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, तीन सुरक्षाकर्मी फरार
लखनऊ कैंट थाना क्षेत्र में रहने वाले 42 वर्षीय वीरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि वीरेंद्र बिहार पुलिस की वांटेड लिस्ट में था। वारदात के बाद से बदमाशों के साथ ही घर में तैनात तीन सुरक्षाकर्मी भी फरार हैं।;
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के लखनऊ (Lucknow) में आज दिनदहाड़े एक युवक की घर में घुसकर हत्या (Murder) कर दी गई। हत्यारों ने मृतक के परिवार को भी कमरे में बंद कर दिया था। वारदात के बाद हमलावर घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) भी उखाड़ ले गए। पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक बिहार पुलिस की वांटेड अपराधियों (Bihar Wanted Criminal) की लिस्ट में था। हत्या का आरोप मृतक की पहली पत्नी पर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम (Post Mortem) के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लखनऊ कैंट थाना क्षेत्र में नीलमथा प्राइमरी स्कूल के पास 42 वर्षीय वीरेंद्र ठाकुर अपनी पत्नी खुशबून तारा के साथ तीन बेटे अंश, ऋषि और अभिषेक के साथ रह रहे थे। अभिषेक स्कूल गया था और बाकी सभी सदस्य घर में मौजूद थे। वीरेंद्र ठाकुर पैरालिसिस होने के चलते बिस्तर पर थे।
घर में घुसते ही बदमाशों ने सभी परिजनों को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद धमकी दी कि अगर कमरे में नहीं गए तो जान से मार देंगे। बदमाशों ने खुशबून, ऋषि और अंश को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने वीरेंद्र ठाकुर पर फायरिंग कर दी। उनके सिर और गर्दन में गोलियां लगी, जिससे मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने सूचना मिलते ही नाकाबंदी की, लेकिन हत्यारोपियों का सुराग नहीं मिला। हत्यारोपी घर में लगे सीसीटीवी भी उखाड़ ले गए। पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र ठाकुर की पहली पत्नी प्रियंका है, जबकि उन्होंने दूसरी शादी खुशबून से की थी। हत्या के पीछे प्रियंका का हाथ बताया गया है। आरोप है कि उसने 2018 में भी वीरेंद्र ठाकुर पर जानलेवा हमला किया था। कमिश्ननर डीके ठाकुर ने बताया कि वीरेंद्र ठाकुर बिहार पुलिस की वांटेड सूची में है। उसने घर में तीन सुरक्षाकर्मी रखे थे। हत्या के वक्त उन्होंने ही दरवाजा खोला। वारदात के बाद से तीनों सुरक्षाकर्मी भी गायब हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।