विधायक विजयवर्गीय द्वार की गई मारपीट के विरोध में निगम कर्मचारी हड़ताल पर, FIR दर्ज करने की मांग
भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय द्वारा बुधवार को निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट के बाद निगम कर्मचारियों ने काम बंद हड़ताल कर दी है।;
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय द्वारा बुधवार को निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट के बाद निगम कर्मचारियों ने काम बंद हड़ताल कर दी है। घटना के विरोध में नगर निगम कर्मचारी नेता उमाकांत काले के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सभी विभागों में काम बंद करवा दिया है। पूरे मामले में निगम कमिश्नर आशीष सिंह ने कहा है कि मामले की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर करवाई जा रही है।
बता दें नगर निगम द्वारा शहर में काफी पुराने चिन्हित 26 अति जर्जर मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। जिसके तहत बुधवार को गंजी कंपाउंड स्थित एक अति जर्जर मकान को तोड़ने पहुंची निगम की टीम के साथ शहर के तीसरे नंबर के भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय के साथ विवाद हो गया। जिसके बाद गुस्साए विधायक विजयवर्गीय ने क्रिकेट के बल्ले से निगम कर्मचारियों की पिटाई कर दी थी। मामला बढ़ता देख तीन थानों के बल और सीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति को काबू में किया।
विधायक और उनके कार्यकर्ताओं की इस मारपीट से जेडओ व भवन निरीक्षक धीरेंद्र व्यास और भवन अधिकारी असित खरे घायल हो गए। कर्मचारियेां के साथ मारपीट की सूचना जैसे ही नगर निगम कार्यालय पहुंची वैसे ही वहां मौजूद कर्मचारी आक्रोश में आ गए। सभी कर्मचारी काम बंद कर निगम प्रांगण में एकत्र हो गए और हड़ताल की घोषणा कर दी। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक वे काम बंद रखेंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App