Johannesburg Building Fire: दक्षिण अफ्रीका में इमारत में लगी भीषण आग, 73 लोगों की मौत
Johannesburg Building Fire: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में एक पांच-मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई है। इसमें 73 लोगों की मौत हो गई है। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।;
Johannesburg Building Fire: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पर आज सुबह एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 73 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 43 अन्य लोग घायल हो गए। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों की तरफ से कहा गया कि अभी मृतक लोगों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
इमरजेंसी सर्विस के अधिकारी ने क्या कहा
इमरजेंसी सर्विस के एक अधिकारी ने कहा कि इमारत में कुछ बेघर लोग बिना किसी अनुमति के रह रहे थे। उन्होंने कहा कि अब रेस्क्यू ऑपरेशन को चलाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, उन्होंने अनुमान जताया कि इसमें तकरीबन 200 से ज्यादा लोग निवास कर रहे थे। हालांकि, लोगों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि आग को काफी हद तक बुझा दिया गया है, लेकिन शहर की काली पड़ी इमारत की खिड़कियों से अभी भी धुआं दिखाई दे रहा है। कुछ खिड़कियों से चादरें और अन्य सामान भी बाहर लटका हुआ था। यह साफ नहीं है कि क्या लोगों ने इनका उपयोग आग से बचने के लिए किया था या वे अपनी संपत्ति बचाने की कोशिश कर रहे थे।
साथ ही, अधिकारी ने मामले पर जानकारी देते हुए यह भी कहा कि इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि शवों की संख्या 60 से अधिक हो सकती है क्योंकि हम लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। साथ ही, हमने उन लोगों को सूचित किया है जो घटनास्थल पर अपने रिश्तेदारों की तलाश कर रहे हैं कि उनके जीवित पाए जाने की संभावना बहुत कम है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।