Covid-19 BF.7: दुनिया के 91 देशों में फैसला बीएफ.7 वेरिएंट, पढ़ें क्या कहते हैं कोरोना वर्ल्डोमीटर के आंकड़े
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के बाद सबसे ज्यादा मामले जापान और इसके बाद दक्षिण कोरिया और फ्रांस से सामने आ रहे हैं।;
एक बार फिर दुनिया में कोरोना का कहर तेजी से कई देशों को अपनी चपेट में ले रहा है। चीन में कोरोना के नए वेरिएंट BF.7 के सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 91 देशों में कोरोना वायरस फैल चुका है। चीन समेत 4 से 5 ऐसे देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। भारत में भी अब तक 5 केस बीएफ.7 के सामने आ चुके हैं। जिसके बाद भारत में भी कोरोना प्रतिबंधों का दौर जारी है। फिर से कोरोना गाइडलाइंस को जारी कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के बाद सबसे ज्यादा मामले जापान और इसके बाद दक्षिण कोरिया और फ्रांस से सामने आ रहे हैं। यहां भी कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चीन में एक दिन में सबसे ज्यादा 3.7 करोड़ कोरोना मरीज मिले हैं। हालांकि, इसे चीनी सरकार आधिकारिक डेटा नहीं मान रही है। जबकि अब तक 1 से 20 दिसंबर 2022 के बीच 24.8 करोड़ लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
जानकारों के मुताबिक, जीरो कोविड पॉलिसी वायरस को रोकने में विफल रही। करीब तीन साल के सख्त लॉकडाउन के बाद अचानक सब कुछ खुल जाने से संक्रमण बहुत तेजी से फैल गया। कोरोना वर्ल्डोमीटर के आकंड़े बताते हैं कि जापान में पिछले 24 घंटों में एक लाख 73 हजार से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। देश में इस वक्त एक्टिव केस की संख्या 70 लाख से ज्यादा है। बीते अक्टूबर महीने में ही जापान ने भी कोविड प्रतिबंधों को हटा दिया था।
वहीं दूसरी तरफ दक्षिण कोरिया में शनिवार को 58 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि कोरिया में एक्टिव केस की संख्या 11 लाख 75 हजार से ज्यादा हैं। फ्रांस में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 10 लाख 91 हजार से ज्यादा है। ब्रिटेन में अब तक 1 लाख 98 हजार लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। पूरी दुनिया में अब तक कोरोना वायरस से 66 करोड़ 15 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 66 लाख 85 हजार 285 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि जानकारों का मानना है कि भारत में कोरोना के नए वेरिएंट BF.7 को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन सभी को सतर्क रहना होगा।