इंडोनेशिया में एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही 4 मिनट में लापता हुआ विमान, सोशल मीडिया पर छाई मलबे की तस्वीर
इंडोनेशिया की राजधानी जर्काता से एक विमान की उड़ान के चार मिनट बाद ही लापता होने की खबर है। विमान श्रीविजया एयरलाइंस का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस विमान में 50 से भी अधिक लोग यात्रा कर रहे थे।;
इंडोनेशिया की राजधानी जर्काता से एक विमान की उड़ान के चार मिनट बाद ही लापता होने की खबर है। विमान श्रीविजया एयरलाइंस का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस विमान में 50 से भी अधिक लोग यात्रा कर रहे थे। बचाव अभियान दल ने विमान की खोज करनी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक हवाई जहाज की लोकेशन नहीं मिल पाई है। जेट का वायु यातायात नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया है।
इंडोनेशिया के अधिकारियों ने बताया कि जकार्ता से उड़ान भरने के बाद श्रीविजय एयर जेट का वायु यातायात नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया। लोकल मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह हवाई जहाज इंडोनेशिया के प्रोविंस पश्चिमी कलीमंतान के लिए रवाना हुआ था। गौरतलब है कि कली मंतान में बाक्साइट का खनन बड़े पैमाने पर होता है।
10 हजार फीट एल्टीट्यूड पर भर रहा था उड़ान
फ्लाइट राडार 24 ट्रैकिंग सर्विस ने ट्वीट कर कहा है कि विमान करीब 10 हजार फीट एल्टीट्यूड पर उड़ान भर रहा था। हवाई जहाज उड़ान भरने के चार मिनट बाद ही लापता हो गया है। यह विमान (Boeing 737-500) करीब 27 साल पुराना है।
सोशल मीडिया में विमान के मलबे की तस्वीर वायरल
इंडोनेशिया के टीवी और सोशल मीडिया पर विमान का मलबा दिखाया जा रहा है। हालांकि, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, विमान गायब होने के निकट स्थित एक द्वीप के कई निवासियों ने दावा किया है कि उन्हें ऐसी वस्तुएं मिलीं जो उन्हें लगा कि वे उस गायब हुए विमान का हिस्सा हैं।
2018 में भी इंडोनेशिया की फ्लाइट हुई थी क्रैश
अक्टूबर 2018 में भी इंडोनेशियाई लायन एयर की एक फ्लाइट समुद्र में क्रैश हो गई थी। जिसमें विमान में शामिल 189 लोगों की मौत हो गई थी। यह विमान भी राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के 12 मिनट बाद समुद्र में दुर्घटना का शिकार हुआ था।