Congo Landslide: कांगो में भारी बारिश बनी आफत, लैंडस्लाइड में 17 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Congo Landslide: कांगो में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड में 17 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं।;

Update: 2023-09-18 02:42 GMT

Congo Landslide: उत्तर-पश्चिमी कांगो में मूसलाधार बारिश का कहर बरपा है। यहां पर बारिश की वजह से हुए लैंडस्लाइड में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। साथ ही, बचाव दल की टीमें ढह गए घरों के नीचे मलबे में से लोगों की तलाश कर रहे हैं। वहीं, बचाव दल को लोगों का रेस्क्यू करने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसकी बड़ी वजह खराब मौसम का होना है।

कांगो में बारिश बनी आफत

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह आपदा उत्तर-पश्चिमी मोंगाला प्रांत के लिसल शहर में कांगो नदी के किनारे हुई है। पीड़ित पहाड़ की तलहटी में बने घरों में रहते थे। कुछ दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी के चलते अचानक से लैंडस्लाइड हो गई। इसके बाद कई घरों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, कुछ घर जमींदोज भी हो गए हैं। अब बचे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

गवर्नर ने दुख व्यक्त किया

इस घटना पर कांगो की गवर्नर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गवर्नर सीजर लिंबाया म्बांगीसा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मलबे को हटाने और जिंदा बचे लोगों को बचाने की कोशिश करने के लिए मशीनरी की बहुत जरूरत थी। हालांकि, सभी का इंतजाम किया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और पूरे प्रांत में तीन दिन के शोक की घोषणा की है। 

इससे पहले भी आई थी प्राकृतिक आपदा

इससे पहले भी कांगो (Congo) में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी। इसकी वजह से तकरीबन 400 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि, अधिकतर लोगों का रेस्क्यू भी कर लिया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी कांगो के साउथ किवु प्रांत में एक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की वजह से यह विभिषिका देखने को मिल रही थी। 

Tags:    

Similar News