हिमा दास हुईं चोटिल, टोक्यो ओलंपिक क्वालिफिकेशन से चूकने का खतरा
फर्राटा धाविका हिमा दास राष्ट्रीय अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 100 मीटर हीट (दौड़) के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण चोटिल हो गईं। जिसके बाद वह टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने की दौड़ से बाहर होने की कगार पर हैं।;
खेल। फर्राटा धाविका के नाम से मशहूर हिमा दास (Hima Das) शनिवार को पटियाला (Patiala) में हुए राष्ट्रीय अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (Inter State Athletics Championships) में 100 मीटर हीट (दौड़) के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण चोटिल हो गईं हैं। हालांकि, अभी इस बात का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है कि उनकी ये चोट कितनी गंभीर है। इसकी जानकारी भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (Athletics Federation of India) ने ट्वीट करके दी।
महासंघ ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''हमें उम्मीद है कि हिमा दास आज सुबह अंतर-राज्यीय मीट में 100 मीटर हीट के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के बाद जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगी।' हिमा टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने की दौड़ से बाहर होने की कगार पर हैं। वह अभी तक इन खलों के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं और तीसरे हीट में उन्होंने 100 मीटर की दौड़ 12.01 सेकेंड में पूरी की। वह इस दौरान हीट में तीसरे स्थान पर रहीं। साथ ही इस प्रक्रिया में उन्होंने शनिवार शाम को होने वाले फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया, लेकिन खिताबी दौड़ में उनके भाग लेने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं हिमा की चोट अगर गंभीर हुई तो टोक्यो खेलों के लिए चार×100 मीटर महिला रिले टीम की क्वालिफिकेशन के लिए यह बड़ा झटका होगा, क्योंकि हिमा चौकड़ी की अहम सदस्य हैं, जिसमें दुती चंद, धनलक्ष्मी और अर्चना सुसींद्रन भी शामिल हैं। साथ ही हिमा अगर रिले टीम में जगह नहीं बनाती हैं, तो उनके टोक्यो जाने की संभावना बहुत कम है। असम की यह सितारा धाविका हालांकि ओलंपिक खेलों में 200 मीटर स्पर्धा के लिए क्वालिफाई करने की कोशिश कर रही है। बता दें कि हिमा लंबे समय से शरीर के निचले हिस्से में चोट की समस्या से जूझ रही हैं। उन्होंने आईजीपी चार में 200 मीटर में अपना सर्वश्रेष्ठ 22.88 सेकेंड का समय निकाला जो क्वालिफिकेशन के लिए जरूरी लेकिन 22.80 सेकेंड के काफी करीब था।
साथ ही मौजूदा टूर्नामेंट हिमा और दुती के लिए टोक्यो खेलों के लिए क्वालिफाई करने का आखिरी मौका है।