अखिलेश का भाजपा व योगी पर निशाना, कहा, प्रदेश में सबसे अच्छी सरकार सपा ने चलाई

पूर्व विधायक विजमा यादव की बेटी की शादी में प्रयागराज पहुंचे सूबे के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा व योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।;

Update: 2019-11-21 15:23 GMT

समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को यहां कहा कि भले ही उन्होंने (भाजपा) एंबुलेंस का नंबर बदल दिया हो, लेकिन आज भी सड़कों पर सपा सरकार द्वारा शुरू की गई एंबुलेंस सेवा ही चल रही है।

यहां पार्टी की नेता और पूर्व विधायक विजमा यादव की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने आए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि लोगों को आज भी यह याद है कि प्रदेश में सबसे बेहतर सुविधाएं सपा सरकार ने दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को डराकर राजनीति करना चाहती है।

यह पार्टी लोगों के बीच नफरत फैला कर राजनीति करना चाहती है। जिन संस्थाओं ने देश-समाज को बेहतरीन लीडर्स दिए हैं, उन संस्थाओं का राजनीतिकरण कर भाजपा उन संस्थाओं को भी खराब कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि आज देश में आर्थिक संकट है, बैंक डूब रहे हैं।

इलाहाबाद नाम से जो बैंक था वह बैंक ही खत्म कर दिया। इस शहर के लिए इलाहाबाद बैंक एक प्रतिष्ठा था, जिसे भाजपा के लोगों ने डुबो दिया। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में शुल्क वृद्धि पर उन्होंने कहा कि जेएनयू के छात्रों की बस इतनी ही मांग है कि उनकी फीस कम हो जाए।

सपा के लोगों का मानना है कि गरीब की पढ़ाई मुफ्त हो और हमारी बेटियों की पढ़ाई मुफ्त हो क्योंकि सरकार के पास पैसा है और सरकार खर्च कर सकती है। प्रदेश में गड्ढामुक्त सड़कों के सरकार के दावों पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि उप मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि सड़कें गड्ढामुक्त हो गई हैं, मुख्यमंत्री भी कह रहे हैं कि सड़कें गड्ढामुक्त हो गई हैं। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री का विभाग (पीडब्लूडी) भी छीन ले रहे हैं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App 

Tags:    

Similar News