Fact Check : गंगानगर में मस्जिद पर फहराया गया भगवा झंडा, जानिए क्या है वायरल दावे की सच्चाई

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि कुछ लोगों ने रामनवमी के दिन मस्जिद पर झंडा फहरा दिया।;

Update: 2023-04-10 07:29 GMT

Fact Check : सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होते हैं, जिनमें से कुछ अच्छे तो कुछ भ्रम फैलाने का काम करते हैं। ऐसे वीडियो पर लोग भी जल्दी से भरोसा कर लेते हैं और उन्हें आगे शेयर करते रहते हैं। अब एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें यह कहा जा रहा है कि एक युवक ने मस्जिद पर भगवा झंडा फहरा दिया। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि रामनवमी के अवसर पर राजस्‍थान के गंगानगर के बींझबायला की मस्जिद पर भगवा ध्‍वज फहराया गया है। चलिए जानते हैं इस वीडियो की सच्चाई आखिर क्या है।

क्या है इस वायरल पोस्ट में

सोशल मीडिया पर यह वीडियो कई प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। जिसे शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा गया है कि माननीय मुख्यमंत्री साहब बींझबायला तहसील पदमपुर जिला श्रीगंगानगर की मस्जिद पर कुछ शरारती तत्वों के द्वारा शोभा यात्रा के दौरान भगवा झंडा फहराया गया। इसके खिलाफ तुरंत प्रभाव से एक्शन लें, ताकि राजस्थान के अंदर माहौल खराब ना हो।

पड़ताल

वीडियो के सामने आने के बाद इसकी पड़ताल करने के बारे में सोचा गया। सबसे पहले कीवर्ड के जरिए इस के बारे में सर्च किया गया। परन्तु हमें इससे जुड़ी कोई भी जानकारी हासिल नहीं हुई। इसके बाद श्रीगंगानगर पुलिस के ट्विटर अकाउंट को चेक किया गया। जिसमें हमें इससे संबंधित ट्वीट मिला। जिसमें श्रीगंगानगर पुलिस ने कहा कि ये पूर्ण सत्य घटना नहीं है। फेक न्यूज फैलाने वाले 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये ध्वज किसी मस्जिद पर नहीं लगा, बल्कि यह एक व्यक्ति के घर पर लगा है।

निष्कर्ष

श्रीगंगानगर में रामनवमी के जुलूस के बाद एक युवक ने घर पर भगवा झंडा फहराया था, जिसे गलत जानकारी के साथ शेयर किया गया। झंडा मस्जिद की छत पर नहीं लगा था। फेक पोस्‍ट वायरल करने वाले युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं श्रीगंगानगर के एसपी ने वायरल दावे को फेक बताया है।

Tags:    

Similar News