'आप' के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज का बीजेपी पर बड़ा आरोप- उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर करवाया हमला

दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के परिवार वालों की भी हत्या गृह मंत्री अमित शाह अपनी पुलिस के जरिए कराने के लिए तैयार दिख रहे हैं। जिस तरीके का हमला आज उप-मुख्यमंत्री के घर पर हुआ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।;

Update: 2020-12-10 10:51 GMT

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव से पहले भी कई बार दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री के ऊपर हमले हुए। उन हमलों के बाद हर बार भाजपा की तरफ से यह कहा गया कि जनता बहुत नाराज है इसलिए हमले हो रहे हैं। तब तक हम लोग नेताओं के ऊपर हमले की बात सुन रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने दिल्ली के अंदर आज अराजकता का माहौल बना रखा है कि एक चुना हुआ मुख्यमंत्री अपने ही घर में लगभग हाउस अरेस्ट है।

दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री की गैर मौजूदगी में उनके घर पर थोड़ी देर पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता या भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने हमला किया, उस समय सिर्फ घर में महिलाएं मौजूद थीं। सबसे गंभीर बात यह है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिनका खुद का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत आलिशान है उनके पास सीधे-सीधे दिल्ली पुलिस आती है। दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के परिवार वालों की भी हत्या गृह मंत्री अमित शाह अपनी पुलिस के जरिए कराने के लिए तैयार दिख रहे हैं।

जिस तरीके का हमला आज उप-मुख्यमंत्री के घर पर हुआ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन मुझे लगता है कि कभी किसी के घर पर नहीं किए जाते हैं, केवल दफ्तर पर किए जाते हैं। घर पर भी तब किए जाते हैं जब वहां पर जिसके लिए प्रदर्शन कर रहे हैं वह पात्र वहां पर होता है। घर पर जो सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस लगी होती है उसको पहले से ही जानकारी थी कि आज भारतीय जनता पार्टी के लोग यहां पर हमला करने के उद्देश्य से आ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने बैरीकेट को जानबूझकर भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए हटाया और उनको रास्ता अंदर जाने के लिए दिया गया।

भाजपा के लोग को फिर गेट तोड़ने दिया गया। हम आपको यह सारी की सारी वीडियो दिखाएंगे कि किस तरीके से दिल्ली पुलिस के पूरे संरक्षण में आज उप मुख्यमंत्री की गैर हाजिरी में उनके घर पर हमला किया गया। मुझे लगता है कि यह सीधा-सीधा जो उनके परिवार को किसी ना किसी तरह से नुकसान पहुंचाने की पूरी कोशिश थी। घटना का वीडियो दिखाते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, वीडियो के पहले हिस्से में उपमुख्यमंत्री का जो एबी 17, प्रगति मैदान के सामने आवास है उसके सामने मुख्य सड़क का है। उसके दूसरे छोर पर सुबह बैरिकेटिंग थी, वह बैरिकेडिंग खोली गई। आप देखेंगे कि जैसे ही बैरिकेटिंग खोली वहां से जो भाजपा के लोग दौड़कर आ रहे हैं और पुलिस उनके पीछे पीछे चल कर आ रही है।

Tags:    

Similar News