WFI President: मैं कुश्ती छोड़ दूंगी..., संजय सिंह के कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बनने पर साक्षी मलिक का ऐलान

WFI President: बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह के कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष चुने जाने पर भारी विवाद खड़ा हो गया है। साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान किया है।;

Update: 2023-12-21 11:42 GMT

WFI President: बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी अनिता श्योराण को हराया। इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह ने भी दावा किया था कि संजय सिंह कुश्ती संघ के अध्यक्ष बनेंगे। वहीं, इस मामले में साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने प्रतिक्रिया दी है। साक्षी मलिक ने कहा कि फेडरेशन के खिलाफ लड़ाई में काफी समय लगा।

साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने का किया ऐलान

संजय सिंह के कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष चुने जाने को लेकर पहलवान साक्षी मलिक ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि हम 40 दिनों तक सड़कों पर सोए और देश के कई हिस्सों से बहुत सारे लोग हमारा समर्थन करने आए। अगर बृज भूषण सिंह के बिजनेस पार्टनर और करीबी सहयोगी को डब्ल्यूएफआई का अध्यक्ष चुना जाता है, तो मैं कुश्ती छोड़ दूंगी। पहलवान साक्षी मलिक ने रोते हुए कहा कि अगर बृज भूषण सिंह के बिजनेस पार्टनर और करीबी सहयोगी को डब्ल्यूएफआई का अध्यक्ष चुना जाता है, तो मैं कुश्ती छोड़ दूंगी। साक्षी मलिक ने कहा कि हमने महिला अध्यक्ष की मांग की है। अगर अध्यक्ष महिला होगी तो उत्पीड़न नहीं होगा। लेकिन, पहले महिलाओं की भागीदारी नहीं थी और आज आप सूची देख सकते हैं, एक भी महिला को पद नहीं दिया गया। हम पूरी ताकत से लड़े थे लेकिन यह लड़ाई जारी रहेगी। नई पीढ़ी के पहलवानों को लड़ना होगा।

पहलवान विनेश फोगाट ने क्या कहा

पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि हमने हर तरीके से कोशिश की तब दिल्ली की सड़कों पर धरना दिया। हमने साफतौर पर नाम लेकर कहा था कि लड़कियों को बचा लीजिए। हमसे तीन-चार महीने का इंतजार करने के लिए कहा गया और हुआ कुछ भी नहीं। बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह को आज अध्यक्ष बनाया गया। उसको प्रेसिडेंट बनाना मतलब खिलाड़ी लड़कियों को फिर से शिकार होना पड़ेगा। ये जो हम लड़ाई लड़ रहे थे उसमें कामयाब नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि हम इस लड़ाई में कैसे कामयाब हो पाएंगे।

संजय सिंह चुने गए कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष

खास बात यह है कि संजय सिंह 'बबलू' कुश्ती के बेहद शौकीन हैं और फिलहाल वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह कुश्ती संघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इस दौरान वे कई बार संघ की कार्यकारिणी समिति में भी शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ का नेतृत्व करने के लिए विदेश यात्रा भी की है। कहा जाता है कि संजय सिंह बब्लू ने पूर्वांचल की महिला पहलवानों को आगे लाने में अहम भूमिका निभाई है।

वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह

संजय सिंह पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ वाराणसी में रहते हैं। संजय सिंह बब्लू पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से कुश्ती संघ से जुड़े हुए हैं और बृजभूषण शरण सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। वह 2008 से वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष हैं। संजय सिंह बब्लू 2009 में राज्य कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष चुने गये।

Tags:    

Similar News