दीपावली के लिए लाजवाब स्वीट्स-स्नैक्स
दीपावली पर आप हर बार स्वीट्स, ड्राय स्नैक्स को शॉप से ही लेकर आती रही हैं। लेकिन कोरोना काल में ऐसा करना ठीक नहीं है। ऐसे में आप घर पर ही स्वीट्स, स्नैक्स बना सकती हैं। इस बार हम आपके लिए लेकर आए हैं, कुछ टेस्टी स्वीट्स, स्नैक्स की रेसिपी। इन्हें बनाइए और फैमिली-गेस्ट्स के साथ फेस्टिवल को एंज्वॉय कीजिए।;
मैसूर पाक
सामग्री : बेसन : 1 कटोरी, चीनी : 1 कटोरी, पिघला हुआ घी : 2 कटोरी, पानी : 1/2 कप
विधि: सबसे पहले एक पैन में 1/2 कप पानी गर्म करें। इसमें चीनी डालें, पिघलने तक पकाएं। घी में बेसन घोल लें। तैयार चाशनी को चलाते हुए, इसमें बेसन का घोल मिलाएं। मिश्रण हल्का भूरा, जालीदार दिखने पर गैस बंद कर दें। इसे तुरंत चिकनाई लगी ट्रे में डालें। ट्रे लगभग 2 इंच गहरी होनी चाहिए। ठंडा होने पर मनचाहे आकार में काट लें। तैयार मैसूर पाक सर्व कर सकते हैं या इसको एयरटाइट जार में रख भी सकते हैं।
काजू-पिस्ता रोल
सामग्री: काजू : 250 ग्राम, पिस्ता : 250 ग्राम, चीनी : 400 ग्राम, चांदी का वर्क : सजाने के लिए
विधि: सबसे पहले काजू, पिस्ता को मिक्सी में अलग-अलग पीस लें। दोनों को बिना घी, तेल के अलग-अलग भून लें। हल्का सा भूनें, जिससे इनका कच्चापन निकल जाए। अब एक पैन में पानी गर्म करें, इसमें चीनी डालें। इतना पानी डालें, जिसमें चीनी डूब जाए। चीनी को घुलने तक उबालें।
अब एक कड़ाही में काजू पावडर, तैयार आधी चाशनी डाल दें। इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण कड़ाही में चिपकना न छोड़ दे। इसी तरह बची चाशनी से पिस्ता का मिश्रण भी तैयार कर लें। काजू, पिस्ता को ठंडा होने दें। इनके अलग-अलग बॉल्स बनाएं। एक सिल्वर फॉयल पर काजू के ऊपर पिस्ता का बॉल रखें। बेलन से बेलकर हल्के हाथ से रोल कर लें। 1 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें। 1-1 इंच के रोल काटें। चांदी के वर्क से सजाकर सर्व करें।
पिंड खजूर मेवा लड्डू
सामग्री: गुठली निकले हुए पिंड खजूर : 250 ग्राम, बारीक कटे मेवे (बादाम, काजू, पिस्ता, नारियल) : 250 ग्राम, नारियल लच्छा : 1 टेबल स्पून, घी : 1 टेबल स्पून
विधि: सबसे पहले पिंड खजूर को 1 टेबल स्पून पानी डालकर मिक्सी में पीस लें। सभी मेवे, नारियल को भी हल्का-सा रोस्ट कर लें। एक नॉनस्टिक पैन में घी गर्म करें। पिसे खजूर पेस्ट डालें, गाढ़ा होने तक भूनें। जब मिश्रण पैन में चिपकना छोड़ दे तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर मेवा, नारियल मिलाकर लड्डू बनाएं। तैयार पिंड खजूर मेवा लड्डू को कुछ समय के लिए स्टोर कर भी रख सकती हैं।
भाखरबड़ी
सामग्री: बेसन : 1 कटोरी, गेहूं का आटा : 1/2 कटोरी, तेल (मोयन के लिए) : 1 टी स्पून, नमक : 1/2 टी स्पून, तेल : तलने के लिए, अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट : 1 टेबल स्पून, बारीक कटा हुआ हरा धनिया : 200 ग्राम, नारियल का बुरादा : 1 टी स्पून, तिल (काले या सफेद) : 1 टी स्पून, खसखस : 1 टी स्पून, पिसी हुई चीनी : 1 टेबल स्पून, नमक : 1/2 टी स्पून, टाटरी : 1 चुटकी, लाल मिर्च पावडर : 1/4 टी स्पून, तेल : 1 टी स्पून
विधि: सबसे पहले बेसन में गेहूं का आटा, नमक और मोयन का तेल मिलाकर कड़ा आटा गूंथ लें। इसे सूती गीले कपड़े से कवर करके रख दें। एक नॉनस्टिक पैन में तेल गर्म करें। खसखस, तिल को भूनें। इसमें हरा धनिया, नारियल बुरादा और नमक डालें, तेज आंच पर चलाते हुए भूनें। 2-3 मिनट बाद जब पानी पूरा सूख जाए तो चीनी, टाटरी और लाल मिर्च डाल दें। दोबारा धीमी आंच पर भून लें। गैस बंद कर दें, इसे ठंडा होने दें। अब बेसन की एक बड़ी-सी पतली रोटी बेलें। इस पर अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट फैलाएं। इसके ऊपर तैयार भरावन का मिश्रण फैलाकर रोल करें। दोनों किनारों को पानी से चिपकाएं। गर्म तेल में इसे आधा मिनट तेज आंच पर, फिर मंदी आंच पर सुनहरा होने तक तलें। सुनहरा होने पर बटर पेपर पर निकालें। एक तेजधार वाले चाकू से तिरछा काटकर सर्व करें।
डबल टेस्ट मठरी
सामग्री: मैदा : 250 ग्राम, अजवायन : 1/2 टी स्पून, तेल (मोयन के लिए) : 1 टी स्पून, नमक : 1/4 टी स्पून, तेल : तलने के लिए
विधि: सबसे पहले मैदे में मोयन का तेल, अजवायन और नमक डालकर कड़ा आटा गूंथ लें। इसकी मोटी-सी पूरी बनाकर मनचाहे आकार में मठरी काट लें। एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें कटी मठरी को मंदी आंच पर सुनहरा होने तक तलें। बटर पेपर पर निकालें। इसे भी एयरटाइट जार में स्टोर कर सकते हैं।