Arun Jaitley Death Anniversary: अरुण जेटली ने बिहार को जंगल राज से बाहर निकालने में निभाई थी अहम भूमिका: संजय कुमार झा
अरुण जेटली ने अपनी कुशल रणनीति के बल पर 2005 में बिहार को जंगल राज से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई थी। ये बातें जेटली की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुये जदयू नेता संजय कुमार झा ने कही। वहीं इनकी पुण्यतिथि पर आज इन्हें डॉ. संजय जयसवाल, नंद किशोर यादव समेत विभिन्न भाजपा नेता याद कर रहे हैं।;
बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता संजय कुमार झा ने ट्वीट कर भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली द्वारा बिहार के लिये दिये गये योगदानों को याद किया। संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार के विकास में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का अविस्मरणीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि अरुण जेटली की कुशल रणनीति और नीतीश कुमार की लोकप्रियता ने अक्टूबर 2005 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को भारी सफलता हासिल कराई थी। याद रहे चुनावों में जीत हासिल करने के बाद एनडीए की ओर से नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया गया था। जिसके बाद बिहार को 'जंगलराज' से बाहर निकलने में कामयाबी मिली। वहीं संजय कुमार झा ने अरुण जेटली की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए ये बाते कही। संजय कुमार ने उन्हें याद करते हुये कहा कि देश के पूर्व वित्त एवं रक्षा मंत्री, प्रख्यात कानूनविद्, प्रखर वक्ता, कुशल रणनीतिकार, सहज-सरल एवं मृदुभाषी नेता अरुण जेटली व्यक्तिगत संबंधों व स्टाफ तक का जिस संजीदगी से ख्याल रखते थे, वैसा कम ही देखने को मिलता है। श्रद्धेय अरुण जेटली जो को प्रथम पुण्यतिथि पर कोटिश: नमन।
आपका अमूल्य योगदान देश के लोगों को याद रहेगा: डॉ. संजय जयसवाल
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. संजय जयसवाल ने भी ट्वीट कर उनकी पहली पुण्यतिथि पर अरुण जेटली को याद किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पूर्व वित्त मंत्री, प्रख्यात अधिवक्ता और करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणा के स्रोत अरुण जेटली जी की प्रथम पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। जयसवाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में आपका दिया अमूल्य योगदान, देश व दुनिया के लोगों के दिलों में सदैव जिंदा रहेंगा।
नंद किशोर यादव ने याद किये पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली
बिहार में भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव ने भी ट्वीट कर अरुण जेटली को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के आर्थिकोन्न्यन को नई दिशा देने वाले पूर्व वित्त मंत्री व भाजपा के मजबूत स्तम्भ एवम वरिष्ठ नेता स्व. अरुण जेटली जी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजली और शत शत नमन।
मंगल पाण्डेय ने किया नमन
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने कहा कि ओजस्वी वक्ता तथा सरल, सहज व सौम्य व्यक्तित्व के धनी पूर्व केंद्रीय मंत्री, अरुण जेटली जी को उनकी पुण्यतिथि पर कोटि कोटि श्रद्धांजलि।
नीतीश मिश्रा ने जेटली को दी श्रद्धांजलि
बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष नीतीश मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री, ओजस्वी वक्ता, महान चिन्तक और विचारक, सहज एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी, प्रख्यात अधिवक्ता व पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय अरुण जेटली जी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।