Bihar Assembly Elections 2020: सरोज बोलीं- महागठबंधन ने रेप आरोपी ब्रजेश पांडे को प्रत्याशी बनाकर नहीं किया सही
Bihar Assembly Elections 2020: पटना में भाजपा की नेत्री सुश्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि महागठबंधन ने रेप मामले के आरोपी ब्रजेश पांडे को प्रत्याशी बनाया है। इसको लेकर सरोज पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस-राजद की महिलाओं के प्रति सही सोच उजागार नहीं होती है।;
Bihar Assembly Elections 2020: पटना में सोमवार को भाजपा के मीडिया सेंटर में पार्टी की राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान सरोज पाण्डेय के साथ भाजपा की अन्य कई महिला नेता भी मौजूद रहीं। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुये सरोज पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस द्वारा नाबालिग बच्ची के साथ दुराचार करने वाले आरोपी ब्रजेश पांडे को प्रत्याशी बनाया गया है। याद रहे बिहार की गोविंदगंज सीट से ब्रजेश पांडे को कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार बनाया है। जानकारी के अनुसार ब्रजेश पांडे पूर्व में बिहार कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। ब्रजेश पांडे पर बिहार सरकार में कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री की नाबालिग बेटी के साथ यौन शोषण व दुष्कर्म का मामला भी दर्ज है। इस आरोप के बाद ब्रजेश पांडे के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज एक्ट, एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, इस केस को लेकर ही ब्रजेश पांडे को बिहार कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था। लेकिन इस बार के विधानसभा चुनावों में रेप आरोपी ब्रजेश पांडे को कांग्रेस ने चुनाव लड़ने का मौका दे दिया है।
भाजपा नेत्री सरोज पाण्डेय ने ऐसे ही मामले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल 'राजद' को भी निशाने पर लिया है। सरोज पाण्डेय ने कहा कि राजद ने भी बलात्कारी अरुण यादव की पत्नी व राजवल्लभ की पत्नी को टिकट दिया है। वहीं सरोज पाण्डये ने राजद-कांग्रेस से सवाल पूछा है। उन्होंने कहा कि ये दोनों महिलाओं की हालत क्या कर रही हैं?
भाजपा नेत्री ने कमलनाथ द्वारा एक बहन के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किये जाने पर जाहिर की निंदा
भाजपा नेत्री सरोज पाण्डेय ने कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा एक महिला कैबिनेट मंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किये जाने पर निंदा जाहिर की है। सरोज पाण्डेय ने कहा कि मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने अभद्र टिप्पणी एक बहन के बारे में की है। आज वो बहन बिलख - बिलख कर रो रही है। सरोज पाण्डेय ने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपवास रखा है। हम बहनें भी उपवास रखते हैं। हमारी अस्मिता से मत खेलिए, नहीं तो सब कुछ जलकर भस्म हो जाएगा।