Bihar Assembly Elections 2020: सुशील मोदी का सवाल- कांग्रेस सरकारों ने पंजाब, राजस्थान में बिहारियों से दुर्व्यवहार क्यों किया?
Bihar Assembly Elections 2020: भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कांग्रेस के थ्री स्टार प्रचारक सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह व राहुल गांधी से जनता सवाल पूछेगी। आपकी सरकारों ने लॉकडाउन के दौरान राजस्थान, पंजाब में बिहार के छात्रों-मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार क्यों किया?;
Bihar Assembly Elections 2020: बिहार में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान के लिये अब ज्यादा दिनों का समय शेष नहीं है। सूबे में पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होना है। बिहार के डिप्टी सीएम एवं भाजपा नेता सुशील मोदी द्वारा कल झंझारपुर के ललित कर्पूरी स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी नितीश मिश्रा के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया गया। इस दौरान सुशील मोदी द्वारा कांग्रेस और राजद पर जमकर हमले बोले गये। सुशील मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई। जिसमें बाबू जगजीवन राम की सुयोग्य पुत्री एवं लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार के नाम को स्थान राहुल गांधी के नीचे दिया गया है। इससे जाहिर होता है कि कि पार्टी दलितों व उनकी श्रेष्ठ संतानों का कितना सम्मान करती है।
भाजपा नेता सुशील मोदी द्वारा आगे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर भी निशाना साधा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के टॉप थ्री स्टार प्रचारक सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह व राहुल गांधी जब भी आएंगे। तब ही बिहार की जनता कांग्रेस के थ्री स्टार प्रचारक से सवाल करेगी। कांग्रेस की सरकारों ने लॉकडाउन के दौरान राजस्थान, पंजाब में बिहार के छात्रों-मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार क्यों किया था? वहीं सुशील मोदी ने सवाल पूछा कि क्या सोनिया गांधी ने मजदूरों को घर लौटने के लिए 1000 ट्रेनों का किराया चुका दिया है?
सुशील मोदी ने तेजस्वी यादव की शैक्षिक योग्ता को लेकर तंज भी कसा। सुशील मोदी ने कहा कि वह समय बड़ा ही दिलचस्प होगा। जब देश के बड़े अर्थशास्त्री व पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह राजद के नौवीं पास सीएम-फेस तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करेंगे। भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि क्या मनमोहन सिंह बतायेंगे कि 1990 से 2005 यानि कि लालू-राबड़ी के 15 वर्षों में बिहार की अर्थव्यवस्था क्यों पिछड़ी। इसके अलावा उन दिनों में बिहार से लाखों लोगों को पलायन क्यों करना पड़ा? सुशील मोदी ने कहा कि बिहार के लाखों वोटर कांग्रेस के स्टार प्रचारकों से ये सवाल जरूर पूछेंगे।