Cabinet Expansion: बिहार कैबिनेट विस्तार की घड़ी करीब, शाहनवाज समेत ये बनाए जा सकते हैं मंत्री

Cabinet Expansion: बिहार में हर कोई मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार कर रहा है। वहीं खरमास खत्म होने के साथ ही वो घड़ी एकदम करीब आ गई है। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को सीएम नीतीश कुमार के साथ बंद कमरे में बैठक की। वहीं जानकारी है कि इस बैठक में बिहार कैबिनेट विस्तार पर मुहर लग गई है।;

Update: 2021-01-18 11:34 GMT

Cabinet Expansion: मकर संक्रांति के साथ ही खरमास भी खत्म हो गया है। दूसरी ओर बिहार भाजपा और जदयू के बीच पैदा हुई कथित दूरियां भी मिटती हुई नजर आ रही हैं। इसके अलावा हर किसी को बिहार मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार है। इस सबके बीच बीते रविवार की शाम को बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद पटना स्थित सीएम आवास पर पहुंचे। जहां भाजपा के दिग्गज नेता ने बंद कमरे में करीब एक घंटे तक सीएम नीतीश कुमार के साथ बैठक की। वहीं जानकारियां निकलकर सामने आ रही हैं कि इस बैठक में बिहार कैबिनेट विस्तार को लेकर मुहर लग गई है। बैठक में इन दिग्गज नेताओं के बीच राज्यपाल कोटे वाली बिहार विधान परिषद की 12 सीटों को लेकर भी बातचीत हुई है।

आपको बता दें, 16 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के गठन के दौरान सीएम नीतीश कुमार सहित कुल 15 मंत्रियों ने शपथ ली थी। जब से ही बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। सीएम नीतीश कुमार कई बार इशारों-इशारों में कैबिनेट विस्तार में हो रही देरी के लिए बीजेपी को जिम्मेवार ठहरा चुके हैं। बिहार नियम मुताबिक मुख्यमंत्री सहित 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सीएम नीतीश कुमार के साथ बैठक करने के बाद मीडिया कर्मियों के साथ भी बातचीत की। जहां संजय जायसवाल ने कहा कि वो सीएम नीतीश कुमार के साथ औपचारिक मुलाकात करने के लिए आए। वहीं उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ पूर्व में भी इस तरह की मुलाकातें होती रही है। इसलिए इसका कुछ और मतलब ना निकाला जाए। पर पत्रकारों ने जब जायसवाल से मंत्रिमंडल विस्तार पर लगातार सवाल किए तो वे बोले कि थोड़ा इंतजार करें। जल्द ही इस बात की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। फिर वे मीडिया कर्मियों के सामने से मुस्कुराते हुए चलते बने। उनकी इसी मुस्कुराहट से बिहार में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं गति पकड़ गई हैं। याद रहे, जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह व बिहार भाजपा इंचार्ज भूपेंद्र यादव भी  खरमास के बाद कैबिनेट विस्तार के संकेत दे चुके हैं।

शाहनवाज हुसैन को बनाया जा सकता है मंत्री

कई बड़े नाम चर्चाओं में हैं, जिनको बिहार कैबिनेट में जगह प्राप्त हो सकती है। उनमें एक नाम भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन का नाम भी सामने आ रहा है। इसलिए शाहनवाज को बिहार विधान परिषद का एनडीए की ओर से उम्मीदवार बनाया गया है। बिहार मंत्रिमंडल में जगह पाने वालों में दूसरा नाम सम्राट चौधरी का चल रहा है। ये बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। जदयू की ओर से श्रवण कुमार, सुनील कुमार व महेश्वर हजारी के नाम चर्चाओं में हैं। इसके अलावा राजपूत कोटे से सुमित सिंह को बिहार कैबिनेट में जगह मिल सकती है। ये निर्दलीय चुनाव लड़कर विधायक बनने में कामयाब हुए हैं। हाल में ही ये जदयू में शामिल हुए हैं।

Tags:    

Similar News