बिहार : मुजफ्फरपुर में तिरहुत नहर पर टूट गया बांध, लोग भयभीत
बिहार में इस समय बाढ़ कहर बरपा रही है। सूबे में नदियों, नहरों पर बने बांध टूट रहे हैं। बाढ़ का पानी रिहासी इलाकों में भरा हुआ है। लोग बेहाल हैं। इसी बीच खबर है कि मुजफ्फरपुर में तिरहुत नहर का एक बांध टूट गया है। जिससे आसपास के लोगों में हड़कम्प है।;
जन अधिकार पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रविवार को फेसबुक पर पोस्ट के साथ एक वीडियो शेयर की है। पोस्ट के जरिये उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर जिला के तिरहुत नहर का महमदपुर कोठी बांध टूट गया है। पानी का बहाव इतना तेज है कि 2-3 घण्टे के अंदर अगर बांध मजबूत नहीं किया गया तो दो बांध और टूट जायेंगे। जिससे आसपास रहने वाले हजारों लोगों पर संकट छा जायेगा। जिसको लेकर वे मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी से बात करने का प्रयास कर रहे हैं।
वहीं सोशल मीडिया पर जारी वीडियो को देखकर लग रहा है कि वहां मौजूद और आसपास रहने वालों में भय कायम है। वे लगातार टूटने की कगार पर पहुंचे बांध को रुकवाने के लिये बेचैन नजर आ रहे हैं और वे बार-बार डीएम से बात करने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं भयभीत लोगों को पप्पू यादव भी भरोसा देते दिखाई रहे हैं।
मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस कर्मी भी पहुंच गये हैं। जो लोगों को जिलाधिकारी से बातचीत करने का आश्वासन भी दे रहे हैं। लेकिन ग्रामीण प्रशासनिक कर्मचारियों से भी मामले को लेकर डीएम से ही बात करने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं प्रशासनिक कर्मचारी उन्हें भरोसा दे रहे है कि हम आपके लिये ही आये हैं। जल्द ही इसका दुरुस्तीकरण कर दिया जायेगा।