Bihar Assembly Elections 2020: भाजपा, जदयू व एलजेपी साथ लड़ेंगी चुनाव, बीजेपी ने देवेंद्र फडणवीस को बनाया चुनाव प्रभारी
Bihar Assembly Elections 2020: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा, एलजेपी और जदयू द्वारा मिलकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ने का निर्णय लिया गया है। इस बात की जानकारी भाजपा नेता भुपेंद्र यादव द्वारा दी गई है।;
दिल्ली में बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के सहयोगियों जदयू, भाजपा और एलजेपी के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई। जिसमें भाजपा, जदयू और एलजेपी ने साझा रूप से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। इस बात की जानकारी भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने दिल्ली में पत्रकारों को दी। साथ भूपेंद्र यादव ने बताया कि इस गठबंधन के बारे में गुरुवार को प्रेस वार्ता कर विस्तृत रूप से जानकारी दिये जाने की बात कही गई है।
भाजपा नेता एवं बक्सर सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने बुधवार को जानकारी दी कि महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस को बिहार विधानसभा चुनाव के लिये पार्टी की ओर से चुनाव प्रभारी बनाया गया है। अश्विनी कुमार चौबे ने देवेंद्र फडणवीस को बिहार विधानसभा चुनाव के लिये चुनाव प्रभारी बनाये जाने पर बधाई और शुभकामनायें दी है। साथ ही अश्विनी कुमार चौबे ने इससे संबंधित नियुक्ति पत्र ट्विटर पर जारी किया है। देवेंद्र फडणवीस को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। जेपी नड्डा ने कहा कि यह नियुक्ती तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इस बात की जानकारी बिहार भाजपा को भी दी जा चुकी है।
देवेंद्र फडणवीस ने पीएम मोदी का जताया आभार, कहा - पूरी ताकत के साथ लड़ेंग चुनाव
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम एवं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं को बिहार विधानसभा चुनाव के लिये चुनाव प्रभारी बनाये जाने पर दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुये भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया है। साथ ही उन्होंने इसके लिये पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह उनके लिये नयी जिम्मेदारी एवं नई चुनौती है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते यह मेरे लिए सीखने का अवसर है। पूरे ताक़त के साथ हम बिहार का चुनाव लडेंगे।