Bihar Elections Result 2020: अश्विनी चौबे बोले- पीएम नरेंद्र मोदी की कड़ी मेहनत के परिणाम से बिहार में एनडीए को मिली जीत
Bihar Elections Result 2020: बिहार में एनडीए को मिली जीत को भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने पीएम नरेंद्र मोदी की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया है।;
Bihar Elections Result 2020: बिहार में बीते मंगलवार को विधानसभा चुनावों के नतीजों को लेकर देर रात तक मतों की गिनती होती रही। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 'एनडीए' 125 सीटें हासिल हुई हैं। जोकि बिहार में एनडीए की सरकार बनाने के लिये काफी है। आपको बता दें, बिहार सरकार बनाने वाले दल के पास 122 सीटें होनी जरूरी हैं।
बिहार में विधानसभा के चुनावों में एनडीए को मिली जीत पर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने मीडिया से बातचीत करते हुये सूबे की जनता को शुभकामनायें दी हैं। अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि वो बिहार के लोगों के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहते हैं। अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बिहार विधानसभा के चुनावों में एनडीए को मिली यह जीत पीएम नरेंद्र मोदी की कड़ी मेहनत व मार्गदर्शन का परिणाम है। अश्विनी कुमार चौबे ने आगे कहा कि बिहार के लोगों ने डबल इंजन सरकार का चुनाव किया। साथ ही अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि 'डबल युवराज' को खारिज कर दिया है।
पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों पर बिहार की जनता को है भरोसा: अश्विनी चौबे
इससे पहले भी अश्विनी चौबे ने ट्वीट कर बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया था। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि एनडीए को स्पष्ट बहुमत देने के लिए बिहार की जनता का हार्दिक आभार। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बिहार की जनता की आस्था और समर्थन की जीत है। अश्विनी चौबे ने कहा था कि बिहार की जनता को पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों व कार्यक्रमों पर पूरा भरोसा है।