महाभारत कालीन अंग क्षेत्र को नये साल के मौके पर बिहार सरकार देगी खास उपहार: मंगल पाण्डेय
बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने बताया कि नये साल में 597 करोड़ की लागत से बनी दो सड़कों का उपहार बिहार के अंग क्षेत्र को मिलने जा रहा है। जिसका लाभ बिहार के साथ झारखंड के कई जिलों को मिलेगा।;
बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने बताया कि नये साल में लगभग 597 करोड़ की लागत से बिहार के अंग क्षेत्र को दो सड़कों का उपहार मिलेगा। उन्होंने कहा कि भागलपुर एवं बांका जिले में बन रहे इन पथ से एक बड़ी आबादी लाभान्वित होगी। साथ ही इनसे आवागमन का साधन सुगम व सुलभ हो सकेगा। भाजपा नेता ने कहा कि साथ ही निकटवर्ती झारखंड के जिलों से सड़क संपर्क मतबूत होगा। आपको बता दें, महाभारत के साक्ष्यों के अनुसार आधुनिक भागलपुर, मुंगेर व उससे सटे बिहार और बंगाल के क्षेत्र अंग प्रदेश के क्षेत्र थे। इस प्रदेश की राजधानी चम्पापुरी थी। यह जनपद मगध के अंतर्गत था।
वहीं भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने बताया कि 220.71 करोड़ की लागत से राजकीय उच्च पथ संख्या- 85 के अकबरनगर - अमरपुर के बीच लगभग 29 किमी लंबी पथ का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसे जून के प्रथम सप्ताह तक पूरा कर लेने का लक्ष्य है। इस योजना के अंतर्गत अमरपुर में बाइपास रोड का निर्माण भी किया जाना है।
भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने बताया कि राजकीय उच्च पथ संख्या - 84 के घोघा - पंजवारा पथ का जिर्णोद्धार 376.85 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। लगभग 43.35 किलोमीटर पथांश लंबाई में बन रही इस सड़क का कार्य प्रगति पर है। इस पथ के पैकेज 2 में एक आरओबी का भी निर्माण किया जाना है। जिसके लिए भू अर्जन का काम अंतिम चरण में है।