कृषि मंत्री पर हुये हमले पर विधायक ने जताई निंदा, चुन्नू सिंह बोले - सत्ता पक्ष रैली कर सकता है तो विपक्ष क्यों नहीं?
भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने बिहार सरकार में कृषि मंत्री प्रेम कुमार पर हुये जानलेवा हमले पर निंदा जताई है। वहीं बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के प्रचार-प्रसार के दौरान युवा कांग्रेस ने विपक्ष के लिये अलग से मापदंड अपनाये जाने का आरोप लगाया है। युवा कांग्रेस नेता चुन्नू सिंह ने चुनाव आयोग से पूछा कि जब कोरोना काल में सत्ता पक्ष के लोग रैली कर सकते है, तो विपक्ष क्यों नहीं?;
पटना की कुम्हरार सीट से भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने देर रात ट्वीट कर बिहार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार व गोप विधायक मनोज शर्मा पर हुये जानलेवा हमले पर निंदा जाहिर की है। भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की घटना का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। वहीं अरुण सिन्हा ने प्रशासन से मामले की जांच-पड़ताल करने की गुहार लगाई है। साथ ही मामले के आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। याद रहे मंगलवार को औरंगाबाद में बिहार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार और गोप के विधायक मनोज शर्मा ने सभा आयोजित की थी। जिसमें कुछ ग्रामीणों ने सभा के दौरान हंगामा किया। ग्रामीण गोह प्रखंड में विकास नहीं होने की वजह से काफी गुस्से में थे। ग्रामीणों ने मंत्री वापस जाओ के भी नारे लगाये। इसके बाद मंत्री प्रेम कुमार और विधायक मनोज शर्मा को अपनी बात संक्षिप्त में ही रखनी पड़ी।
चुन्नू सिंह ने चुनाव आयोग से पूछा कि पक्ष और विपक्ष के लिये अलग-अलग मापदंड क्यों?
कोरोना काल में बीते दिन आयोजित हुई बिहार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार की रैली पर युवा कांग्रेस ने सवाल उठाये हैं। युवा कांग्रेसी नेता चुन्नू सिंह उर्फ शशि कुमार ने ट्वीट कर बिहार के सीएम नीतीश कुमार को घेरा है। वहीं उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से पूछा कि क्या बिहार में सारे नियम कानून सिर्फ विपक्ष के लिए हैं? इसके अलावा चुन्नू सिंह ने बिहार चुनाव आयोग से भी सवाल पूछा है। चुन्नू सिंह ने कहा कि जब सत्ता पक्ष के लोग कोरोना काल में रैली कर सकते है, तो विपक्ष क्यों नहीं? चुन्नू ने कहा कि नियम सबके लिए बराबर होना चाहिए। चुन्नू ने बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय पर भी निशाना साधा है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि डीजीपी मामले पर कब कार्रवाई करेंगे? चुन्नू सिंह ने कहा कि पुलिस के उपस्थिति में ये कार्यक्रम हो रहा है?