सीएम नीतीश ने किया पुरातात्विक अवशेषों का बारीकी से मुआयना, बोले - खुदाई कराने पर मिलेंगी और ऐतिहासिक चीजें
सीएम नीतीश कुमार ने आज भागलपुर जिला के गुवारीडीह ग्राम में पुरातात्विक स्थल का परिभ्रमण कर पुरातात्विक अवशेषों का अवलोकन किया। जहां सीएम ने कहा कि यहां खुदाई के बाद और कई पौराणिक व ऐतिहासिक चीजें मिल सकती हैं।;
सीएम नीतीश कुमार ने आज बिहार के भागलपुर जिला के गुवारीडीह ग्राम में पुरातात्विक स्थल का परिभ्रमण करने के लिये पहुंचे। जहां सीएम नीतीश कुमार ने पुरातात्विक अवशेषों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिये। सीएम नीतीश कुमार को इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त पुरातात्विक सामग्रियों में कृष्ण लोहित मृदभांड संस्कृति, उत्तरी कृष्ण मार्जित मृदभांड संस्कृति, मौर्य एवं कुषाणकालीन संस्कृति और गुप्त एवं गुप्तेश्वर कालीन संस्कृति के अवशेष हैं। सीएम को प्राप्त इन सभी चीजों के बारे में अन्य जानकारियां भी दी गईं।
वास्तव में यह ऐतिहासिक जगह है ये: नीतीश कुमार
इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने मीडिया कर्मियों से भी बातचीत की। सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि शैलेन्द्र ने मुझे सूचना दी कि यहां पौराणिक चीजें मिली हैं। इन चीजों का ऐतिहासिक प्रमाण है। उन्होंने सीएम को बताया था कि एक्सपर्ट की टीम की ओर से भी इस बात की प्रारंभिक रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की गई है।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि इसके बाद हमने तय किया कि वो स्वयं इसे देखना चाहेंगे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें यहां आकर लगा कि वास्तव में यह ऐतिहासिक और पौराणिक जगह है। इस जगह से मिले अवशेष 2500 वर्ष से पहले के भी हो सकते हैं। सीएम ने कहा कि इसके बारे में सभी को जानकारियां होनी चाहिये।
कोसी नदी की धारा को डायवर्ट किया जायेगा: सीएम
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि कोसी नदी की धारा को डायवर्ट किया जायेगा। ताकि ये पूरा क्षेत्र सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि खुदाई के बाद इस जगह पर कई और पौराणिक चीजों के होने की जानकारी मिल सकती है। सीएम ने कहा कि इस जगह की खुदाई करके एक्सपर्ट देखेंगे कि किस-किस जगह से पौराणिक चीजें मिल रही हैं। यह भी ज्ञात हो जायेगा इसका क्षेत्र कहां तक फैला हुआ है।