बारात में चिकन और लिट्टी को लेकर हुई गोलीबारी, एक की मौत 3 लोग गंभीर रूप से घायल
बिहार के गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बारात में चिकन के साथ लिट्टी नहीं परोसने पर गोलीबारी हो गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।;
बिहार (Bihar) के गोपालगंज जिले (Gopalganj district) के उचकागांव थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव से एक हैरान कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नरकटिया गांव में बारात (Procession) के लिए चिकन के साथ लिट्टी (Litti with Chicken) नहीं दी गई तो गोलीबारी (Shootout) हो गई। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत (Death) हो गई और तीन लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए हैं। गोलीबारी की घटना में जान गवाने वाले शख्स का नाम राजेंद्र सिंह है। वहीं गोलीबारी की घटना में राहुल कुमार सिंह, रिशु कुमार सिंह और रोहित कुमार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हुए है। सबसे पहले सभी घायल लोगों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल (Gopalganj Sadar Hospital) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों जख्मी लोगों को यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार परिजन तीनों जख्मी लोगों को इलाज के लिए गोपालगंज अस्पताल से गोरखपुर के लिए लेकर रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार नरकटिया गांव में राजेंद्र सिंह के पड़ोस में एक बारात आई हुई थी। बारात के लिए चिकन के साथ लिट्टी नहीं परोसे जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी विवाद के चलते गोलीबारी हो गई। गोलीबारी में राजेंद्र सिंह के साथ तीन अन्य लोगों को भी गोली लग गई। इलाज के लिए चारों गंभीर घायल लोगों को गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। गोपालगंज सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी पाए गए।
गोपालगंज सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने एक्सरे करने के लिए तीनों लोगों को भेजा तो पता चला कि एक्स-रे कक्ष बंद है। इसके बाद परिजनों और अन्य लोगों ने एक्सरे बंद होने को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी मिलने पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंची। जहां पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पर परिजनों का कहना था कि गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ना तो इलाज की व्यवस्था है और ना ही एक्सरे की व्यवस्था है। इसको पर परिजन और अन्य लोग हंगामा कर रहे थे।
गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचे नगर थाने के सब इंस्पेक्टर नेयाज अहमद और बीएन राय ने गुस्साए परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तीनों जख्ती लोगों को एंबुलेंस में सवार करके बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के लिए रवाना करवा दिया।
उचकागांव थाना अध्यक्ष अब्दुल मजीद ने कहा कि गोलीबारी मामले की जांच-पड़ताल करने में पुलिस जुट गई है। पुलिस गोली मारने वाले लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और जल्द ही आरोपित लोगों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। मजीद ने कहा कि बारात में चिकन संग लिट्टी नहीं देने पर हुई गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया था। घटना के बाद से गांव में भगदड़ और हड़कंप की स्थिति व्याप्त हो गई थी।