Jail Manual Violation Case: लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर से पेइंग वार्ड में किया गया शिफ्ट
Jail Manual Violation Case: राजद प्रमुख लालू यादव को आज एक बार फिर से रिम्स निदेशक के बंगले से वापस पेइंग वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। लालू यादव पर जेल मैनुअल के उल्लंघन के आरोप लगने के बाद ऐसा किया है।;
Jail Manual Violation Case: बिहार के पूर्व सीएम एवं राजद प्रमुख लालू यादव को एक बार फिर से कैली बंगले (रिम्स निदेशक के बंगले) से वापस पेइंग वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। आपको बता दें, लालू यादव चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। इसके अलावा बीते करीब दो सालों से लालू यादव का विभिन्न बीमारियों को लेकर रांची के रिम्स में उपचार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक बिहार के हालिया सियासी घटनाक्रम को लेकर रिम्स प्रबंधन की ओर से आनन-फानन में गुरुवार को ऐसा निर्देश जारी किया गया।
बताया जाता है कि आदेश जारी होने के बाद जेल प्रशासन व रांची पुलिस ने शाम को लालू यादव को केली बंगलो (रिम्स निदेश के बंगले) से पेइंग वार्ड में पहुंचा दिया है। जानकारी के अनुसार रिम्स प्रशासन ने जेल आइजी को चिट्ठी लिखकर राजद प्रमुख लालू यादव को पेइंग वार्ड में शिफ्ट करने के लिए अनुमति ली। रिम्स प्रशासन की चिट्ठी में बताया गया कि अस्पताल की पूर्व निदेशक मंजू गाड़ी व लालू प्रसाद का उपचार करने वाले डॉ उमेश प्रसाद की बैठक में यह फैसला लिया गया है। लालू प्रसाद को एक बार फिर से पेइंग वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाये।
आपको बता दें, हाल के दिनों में राजद प्रमुख लालू यादव के खिलाफ जेल मैनुअल का उल्लंघन किये जाने के आरोप लगे हैं। ये सभी आरोप चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद के सियासी विरोधियों ने लगाये हैं। जिनमें लालू यादव पर जेल में रहते हुये सियासी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल होते रहने के आरोप लगे हैं। बीते बुधवार को ही लालू यादव के खिलाफ सोशल मीडिया में एक ऑडियो वायरल हुआ। जिसमें लालू यादव फोन पर बातचीत करते वक्त भाजपा विधायक ललन पासवान को एनडीए के खिलाफ काम करने के लिये प्रलोभन दे रहे हैं। यह ऑडियो भाजपा नेता सुशील मोदी की ओर जारी किया गया है।
उन्होंने जिसके माध्यम से लालू यादव पर निशाना साधा है। साथ ही नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार को अस्थिर किये जाने के आरोप लगाये गये हैं। इन सभी आरोपों के बाद बिहार बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रांची में जेल मैनुअल के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू यादव को बेऊर जेल भेज दिये जाने की मांग उठाई। याद रहे, हाल में ही हुये बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भी एक राजद नेता के साथ लालू यादव की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई थी। जिसके बाद झारखंड की सरकार एवं जेल प्रशासन को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।