मदन सहनी के पक्ष में आए मंत्री बबलू, बोले- हमें वोट मांगने के लिए जाना पड़ता है जनता के पास
बिहार में इन दिनों लगातार सियासी हलचल देखी जा रही है। इसी कड़ी में मदन सहनी का पक्ष लेकर मंत्री नीरज कुमार बबलू सामने आए हैं। उन्होंने कह दिया है कि वोट मांगने के लिए हम जैसे नेताओं को जनता के पास जाना पड़ता है।;
बिहार (Bihar) के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी (madan sahni) द्वारा इस्तीफे की पेशकश किए जाने के बाद से राज्य में गर्म हुई सियासत फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रही है। अब बिहार सरकार (Bihar Government) के वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू ने मदन सहनी के पक्ष में बयान देखकर नया सियासी बखेड़ा खड़ा कर दिया है।
नीरज कुमार बबलू ने रविवार को कहा कि अब मदन सहनी की बातें मीडिया के समक्ष खुल चुकी हैं। साथ ही मदन सहनी ने अपने इस्तीफे की पेशकश भी कर दी हैं। इस पर सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। साथ ही नीरज कुमार बबलू ने कहा की हर मंत्री विकास के कार्य करता है। इसके अलावा मंत्री विकास के नए कार्य करने के लिए भी प्रयासरत रहते हैं। मंत्रियों के इन प्रयासों में अफसरों का भी मजबूती सहयोग से मिलना चाहिए।
नीरज कुमार बबलू ने कहा की सबसे खास बात ये है कि अफसरों को बयानबाजी से बचकर रहना चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि राजनीति से जुड़े लोगों को तो जनता के बीच वोट मांगने के लिए जाना पड़ता है। जैसे मुख्यमंत्री कार्य का निर्णय लेते हैं। उसी तरह मंत्री भी कार्य का निर्णय लेते हैं कि उनके विभाग में यह कार्य होना जरूरी है। इस प्रकार की सभी चीजों पर ध्यान कौन देता है। मंत्री ही देते हैं। पर अफसर बयानबाजी कर देते हैं।
इस पर जब मीडिया कर्मियों ने नीरज कुमार बबलू से सवाल किया कि क्या आपके साथ भी कहीं इसी तरह का वाक्या हुआ है। इसपर बबलू ने कहा की कहीं ना कहीं कुछ ना कुछ तो दिक्कत है। बावजूद इसके हमलोग लड़कर उस दिक्कत को दुरुस्त कर लेते हैं। दूसरी जगहों पर इस प्रकास से समाधान भी नहीं हो पाता है। बिहार में अधिकारियों की मनमानी होने के सवाल पर बबलू ने कहा कि कुछ जगहों पर आपसी तालमेल की दिक्कत है। उसको दुरुस्त करने की आवश्यकता है।