नीतीश कुमार ने फोन कर रघुवंश के परिवार को दी सांत्वना, राजकीय सम्मान के साथ होगा पूर्व केंद्रीय मंत्री का अंतिम संस्कार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ सीएम ने उनके सुपुत्र को फोन कर सांत्वना दी है। सीएम ने रघुवंश प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर को पटना लाने व राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किये जाने की घोषणा की है। इसके अलावा राबड़ी देवी ने उनके निधन पर शोक जाहिर किया।;
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को ट्वीट के माध्यम से कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं प्रख्यात समाजवादी नेता डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें व उनके परिजनों और प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति दें। सीएम नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह एक प्रख्यात समाजवादी नेता थे। वे स्वर्गीय कपूरी ठाकुर के मत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रहे। रघुवंश प्रसाद सिंह ने चार बार वैशाली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। सीएम ने बताया कि रघुवंश प्रसाद सिंह का केंद्रीय विकास मंत्री के रूप में कार्यकाल सराहनीय रहा है। रघुवंश प्रसाद सिंह जमीन से जुड़े नेता थे। सीएम नीतीश कुमार को उनके निधन से व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है। नीतीश कुमार ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन से राजनीतिक, समाजिक, शिक्षा व समाजवाद के क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है। सीएम नीतीश कुमार ने रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन की खबर मिलते ही उनके सुपुत्र सत्यप्रकाश से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी।
सीएम नीतीश कुमार ने स्थानीय आयुक्त और अधिकारियों को आदेश दिया है। वे स्वर्गीय रघुवंश प्रसाद सिंह के परिजनों से सम्पर्क कर उनके पार्थिव शरीर को उनके परिजनों की इच्छा अनुसार पटना लाने की व्यवस्था करें। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से रघुवंश प्रसाद सिंह के अंतिम संस्कार के लिये सभी जरूरी व्यवस्थायें की जायें। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना काल के लिये वर्तमान में लागू दिशा-निर्देश के तहत निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन कराते हुये राजकीय सम्मान के साथ रघुवंश प्रसाद सिंह का अंतिम संस्कार किया जायेगा। सीएम नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति व उनके परिजनों व प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी मे धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
रघुवंश बाबू समाजवाद को परिभाषित करने वाले सर्वश्रेष्ठ उदाहरण थे : राबड़ी देवी
बिहार की पूर्व सीएम एवं राजद की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने भी उनके निधन पर ट्वीट के जरिये दुख जताया है। राबड़ी देवी ने अपने शोक संदेश में कहा कि आदरणीय रघुवंश बाबू समाजवाद को परिभाषित करने वाले सर्वश्रेष्ठ उदाहरण थे। उनके जीवन, रहन सहन, भाव भंगिमा व विचारों में समाजवाद, ग़रीब और जन उत्थान की विचारधारा रचती बसती थी! आज राजद व देश ने अपना सच्चा सिपाही खोया है। अश्रुपूर्ण भावभीनी श्रद्धांजलि।