बाढ़ से लोग बेहाल, नीतीश हैं अदृश्य और भाजपा राजस्थान सरकार को गिराने में जुटी : विपक्ष

बिहार में कोरोना और बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं। बावजूद इसके नीतीश कुमार अदृश्य हैं और भाजपा राजस्थान की कांग्रेस सरकार को गिराने में जुटी है। इन दुश्वारियों को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस ने नीतीश सरकार और भाजपा पर हमला बोला है।;

Update: 2020-07-25 09:51 GMT

बिहार में कोराना संक्रमण लगातार गहराता ही जा रहा है। अभी तक कोरोना बीमारी ने सूबे के करीब 33 हजार लोगों को चपेट में ले लिया है। इस बीच राजद तेजस्वी यादव ने शनिवार को ट्वीट कर राज्य के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।

तेजस्वी ने ट्वीट में लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री जी से हाथ जोड़कर ससम्मान विनम्र विनती है कि कृपया कोरोना और बाढ़ जैसे गंभीर परिदृश्य में अदृश्य ना रहे। 130 दिन हो गए हैं कृपया अब तो जनता के लिए घर से बाहर निकलिए। ऐसी सरकार और राजा का क्या फायदा जो मुसीबत के समय अपनी जनता को मरने के लिए भाग्य भरोसे छोड़ दे?

कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से भी शनिवार को बिहार बाढ़ को लेकर भाजपा पर निशाना साधा गया है। कांग्रेस के ट्वीट में लिखा है कि बिहार सहित पूर्वोत्तर भारत में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

राहत का इंतजार करते बाढ़ पीड़ितों को निराशा ही हाथ लग रही है। भाजपा सरकार राजस्थान कांग्रेस सरकार को गिराने के बजाय बाढ़ राहत पर ध्यान देगी तो बेहतर होगा।

Tags:    

Similar News