बिहार : मधुबनी में एनएच 57 पर जाम हटाने गई पुलिस पर हमला, चार पुलिस कर्मी घायल
बिहार के मधुबनी में सड़क दुर्घटना में जान गवाने वाले युवक के परिजनों ने आपदा मद से चार लाख रुपये देने की मांग को लेकर एनएच 57 पर जाम लगा दिया। झंझारपुर में जाम को हटाने गई पुलिस पर सोमवार को स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। भारी पत्थर बाजी हुई, पुलिस को खदेड़ दिया। हमले में दो पुलिस अफसरों समेत चार पुलिस वाले जख्मी हुए हैं।;
जख्मी अफसरों में रुद्रपुर थानाध्यक्ष गया प्रसाद सिंह और भैरवस्थान थाना के एसआई विनय कुमार झा शामिल हैं। दोनों के सिर में चोट है। घटना भैरवस्थान थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर सामने आई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को भी कई हवाई फायरिंग करनी पड़ी। हवाई फायरिंग होते ही हमलावर भीड़ सुरक्षात्मक हो गई। घटनास्थल पर एसडीओ शैलेश कुमार चौधरी, इंस्पेक्टर सह प्रभारी डीएसपी ब्रह्मदेव सिंह, झंझारपुर, भैरवस्थान,अररिया संग्राम समेत कई थाना के थानाध्यक्ष व पुलिस बल मौजूद है।
एसडीओ शैलेश कुमार चौधरी ने बताया कि सुबह से जाम लगा हुआ है। सात घंटे तक एनएच 57 जाम है। लोगों को समझाने पर वह उग्र हो गए हैं। जिले से क्विक रिस्पांस टीम बुलाई गई है। जाम की शुरुआत सुबह 7 बजे लोहना गांव के एक 19 वर्षीय युवक अनिल मंडल की सड़क हादसे में मौत के बाद हुई। एक मुर्गा लदे वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन भी बीच सड़क की डिवाइडर पर पलट गया। एक और युवक घायल हुआ था। उसी मौत से गुस्साए लोगों ने सुबह सात बजे ही एनएच- 57 जाम कर दिया।
जाम स्थल पर समझाने गए सीओ कन्हैया लाल सिंह ने पारिवारिक लाभ योजना एवं कबीर अंत्येष्टि योजना का लाभ दिया पर स्थानीय लोग एवं मृतक के कुछ परिजन सड़क दुर्घटना में मारे गए अनिल मंडल को आपदा मद से चार लाख रुपये देने की मांग पर अड़े थे। ग्रामीणों को समझाने में 7 से दो बज गए। उसके बाद स्थानीय पुलिस ने लोगों को समझाने में कुछ सख्ती बरती व एक लेन को चालू करने का प्रयास किया। एक लाइन से 15- 20 वाहन ही निकल पाए कि लोग उग्र हो गए व यातायात चालू करवा रहे पुलिस बल पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। एसडीओ ने तत्काल गोली चलने की पुष्टि नहीं की। एसडीओ व प्रभारी डीएसपी को एनएच-57 किनारे एक दुकान में शरण लेनी पड़ी।