JDU के अध्यक्ष पद से बाय-बाय कर सकते हैं आरसीपी सिंह! CM नीतीश भी दिल्ली की अहम बैठक में रहेंगे मौजूद
जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह मीटिंग काफी अहम मानी जा रही है। क्योंकि पार्टी अध्यक्ष आरसीपी सिंह केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। इसके बाद से ही जदयू का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की कयास लग रहे हैं। वहीं दिल्ली में होने वाली इस बैठक में सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे।;
बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र (Monsoon session of Bihar Legislature) आज खत्म हो रहा है। इसके बाद बिहार (Bihar) के सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) दिल्ली के लिए रवाना होंगे। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम चार बजे जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग (JDU national executive meeting) दिल्ली के जंतर-मंतर में स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में होगी। उम्मीद है कि जदयू (JDU) की इस बैठक में बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार में मंत्री पर की जिम्मेदारी संभालने के बाद जदयू के अध्यक्ष पद से आरसीपी सिंह बाय-बाय कर सकते हैं। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नए नामों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। दिल्ली में कल होने जारी रही जदयू की इस बैठक में सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, पार्टी के तमाम लोकसभा सदस्य, तमाम राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष व कार्यकारिणी के तमामम सदस्य शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में सदस्यता अभियान की रूपरेखा, संगठन से संबंधित मुद्दों पर विचार विमर्श होगा। इसके अलावा इस मीटिंग में कई राज्यों में आगे आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
जदयू की यह मीटिंग इसलिए खास है, क्योंकि आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। साथ ही पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की चर्चाएं चल रही है। वैसे इस संबंध में पार्टी की ओर कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। पर एक व्यक्ति एक पद वाले सिद्धांत के तहत स्वयं आरसीपी सिंह कह चुके हैं कि जब पार्टी चाहेगी, तब ही वो राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे। इस दौरान आरसीपी सिंह ने यह भी कहा था कि वो केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी पार्टी अध्यक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में पीछे नहीं हटेंगे। वैसे कयास लग रहे हैं कि जदयू में किसी नए चेहरे को पार्टी का अध्यक्ष पद सौंप दिया जाए।
जदयू अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं ये चेहरे!
वैसे पार्टी ने ऐसी कोई बात स्वीकार नहीं की है। पर इन बातों से इंनकार भी नहीं किया गया है। यदि ऐसी स्थिति बनती है तो पार्टी में ये दो नाम इस अध्यक्ष पद की दौड़ में बने हुए हैं। वो उपेंद्र कुशवाहा और मुंगेर से सांसद ललन सिंह के नाम हैं। इन दोनों नामों पर सबसे अधिक चर्चाएं हो रही हैं। यह भी माना जा रहा है कि इस जिम्मेदारी को स्वयं नीतीश कुमार एक बार भी संभाल लें। वैसे पार्टी ने ऐसे कोई सूचना जारी नहीं की है। याद रहे कुछ माह पहले ही नीतीश कुमार ने आरसीपी सिंह को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर की जिम्मेदारी सौंपी थी।