सुशील मोदी ने पूछा, बाढ़ राहत घोटाले से लालू परिवार ने कितनी बेनामी सम्पत्ति बनाई ?
सुशील मोदी ने कहा कि बिहार में लालू - राबड़ी राज में 90 करोड़ रुपये का बाढ़ राहत घोटाला हुआ था। आज उनके पुत्र तेजस्वी यादव कुछ बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराकर राजद के पाप धोने की कोशिश में हैं। लालू परिवार बताये कि बाढ़ राहत घोटाले की राशि से कितनी बेनामी सम्पत्ति बनाई गई? साथ ही कोरोना से निपटने के इंतजामों पर भी प्रकाश डाला।;
बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने ट्वीट के माध्यम से राजद नेता तेजस्वी यादव के बाढ़, कोरोना से निपटने के इंतजामों को लेकर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया। सुशील मोदी ने राजद नेता पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनके माता-पिता के राज में 90 करोड़ रुपये का बाढ़ राहत घोटाला हुआ, वे कुछ बाढ़ पीड़ितों को एक वक्त का भोजन कराते हुए फोटो खिंचवा कर राजद राज के पाप धोने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें कैग की रिपोर्ट पढ़नी चाहिए, जिसमें खुलासा किया गया है कि बिहार को केंद्र सरकार से मिली बाढ़ सहायता की 90 करोड़ की राशि का फर्जीबाड़ा कैसे हुआ था।
हमलावर सुशील मोदी ने ये भी पूछा कि लालू परिवार बताये कि बाढ़ राहत घोटाले की राशि से कितनी बेनामी सम्पत्ति बनायी गयी? उनके राज में बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ? तत्कालीन जल संसाधन मंत्री के हाथ किसने बांध रखे थे?
वहीं सुशील मोदी ने बताया कि भागलपुर प्रमंडल का कोविड सेल अब 12 घंटे काम करेगा। कोरोना जांच में तेजी लाने के लिए 50 हजार एंटीजन किट खरीदे जा रहे हैं। पीड़ित मानवता के प्रति सरकार का संकल्प विरोधियों को नहीं दिखता।
इसके अलावा सुशील मोदी ने कहा कि भारत में कोरोना संक्रमण की दर घटते हुए 8.7 फीसद पर आ गई है। वैक्सीन तैयार करने के प्रयास भी जारी हैं, लेकिन विपक्ष केवल भय का वातावरण बनाने में लगा है। बिहार में एम्स-पटना के अलावा मुजफ्फरपुर के एसकेएमसी अस्पताल में भी जल्द ही प्लाज्मा थेरेपी से इलाज की सुविधा मिलेगी।
याद रहे, तेजस्वी यादव ने बुधवार को मधुबनी में बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराया था। उसी दौरान तेजस्वी ने सरकार पर कोरोना, बाढ़ से निपटने के इंतजामों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर निशाना साधा था। सीएम नीतीश कुमार पर इन हालातों में मंत्रियों समेत गायब रहने का आरोप भी लगाया था।