बिहार की जनता ने बंद को नकारा व तेजस्वी ने इस बार किसानों को दिया धोखा: सुशील मोदी

Bharat Bandh: भाजपा नेता सुशील ने कहा कि बिहार की जनता ने बंद को नकार दिया है। सुशील मोदी ने किसानों द्वारा बुलाये गये भारत बंद से राजद नेता तेजस्वी यादव के गायब रहने पर तंज कहा है। भाजपा नेता ने कहा कि वे चमकी बुखार व बाढ़ के दौरान भी बिहार से लापता रहे थे। इसके अलावा राज्यसभा के लिए र्विरोध निर्वाचित होने पर सुशील मोदी का प्रदेश भाजपा कार्यालय पटना में पार्टी नेताओं द्वारा स्वागत किया।;

Update: 2020-12-08 15:25 GMT

Bharat Bandh: बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं भाजपा नेता सुशील मोदी ने किसानों के बुलाये भारत बंद के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के गायब रहने पर तंज कसा है। इसके अलावा उन्होंने बिहार में बंद को बेअसर करार दिया है। किसानों द्वारा मंगलवार को बुलाये गये बंद को लेकर भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने उस बंद को नकार दिया। जो न किसानों का था, न किसानों के लिए था और न असली किसानों की भागीदारी से संचालित था।

सुशील मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार ने बार-बार कहा कि तीन नए कृषि कानून लागू होने के बाद भी एमएसपी और मंडी व्यवस्था लागू रहेगी। लेकिन गरीबों-किसानों को धोखा देकर मतपेटी से बहुमत का जिन्न निकालना जिनके लिए मुश्किल हो गया। उन सबने मिलकर चुनावी पराजय का जनता से बदला लेने के लिए बंद कराने की कोशिश की। सुशील मोदी ने कहा कि विपक्ष ने 14 साल तक जिस मुद्दे पर विरोध करने की हिम्मत नहीं की। उस मुद्दे पर बिहार में 'भारत बंद' कराने के लिए लाठी लेकर क्यों निकल पडे?

सुशील मोदी ने कहा कि बिहार में पहली एनडीए सरकार ने किसानों को बिचौलियों से बचाने के लिए जिस कानून को 2006 में ही समाप्त कर दिया था। 2010 के चुनाव में एनडीए को किसानों-महिलाओं ने 206 सीटों के अपार बहुमत से फिर सेवा का मौका दिया। बंद के दौरान विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव दिल्ली में छुट्टी मना रहे थे। जिससे जाहिर है कि वे इस मुद्दे पर गंभीर नहीं थे। वंशवादी राजनीति के राजकुमार तेजस्वी यादव उत्तर बिहार में चमकी बुखार और भीषण बाढ़ के समय भी बिहार से लापता थे।

सुशील मोदी ने कहा कि भारत बंद के दौरान बिहार में किसान कहीं सड़क पर नहीं दिखे। क्योंकि वे सालाना 6 हजार रुपये खाते में पहुंचाने वाली किसान सम्मान योजना और आय दोगुनी करने में सहायक कृषि कानूनों से संतुष्ट हैं।

इससे पहले मंगलवार को भाजपा नेता सुशील मोदी का पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में स्वागत किया गया। याद रहे बीते सोमवार को सुशील मोदी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुये। इसी को लेकर सुशील मोदी के सम्मान में पटना में प्रदेश भाजपा कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें बिहार स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा और प्रदेश के विभिन्न मंत्रीगणों ने हिस्सा लिया। 


Tags:    

Similar News