Dhanbad: कोयला खदान धंसने से 3 लोगों की मौत, दर्जनों के फंसे होने की आशंका
झारखंड (Jharkhand) के धनबाद (Dhanbad) में अवैध खनन के दौरान कोयले की खदान (Coal Mines) धंसने से 3 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा खदान में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। जानें पूरी खबर...;
Dhanbad Mine Collapse: झारखंड (Jharkhand) के धनबाद में बड़ा हादसा हुआ है। यहां अवैध खनन (Illegal mining) के दौरान कोयले की खदान (Coal Mines) धंसने से 3 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए हैं। इसके अलावा खदान में कई लोगों के फंसे होने की भी आशंका है। हादसा शुक्रवार को धनबाद शहर से 21 किमी दूर भौरा कोलफील्ड एरिया में हुआ है।
धनबाद (Dhanbad) जिले के सिंदरी अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक कुमार ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में मारे गए लोगों और खदान में फंसे लोगों का अभी सही आंकड़ा पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं। दूसरी ओर, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब खदान धंसने की घटना हुई, क्षेत्र के कई ग्रामीण अवैध खनन में लगे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से खदान के मलबे से 3 लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भौरा थाने के निरीक्षक विनोद उरांव ने कहा कि खदान हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक महिला, पुरुष और एक बच्ची शामिल है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। घायलों का इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में किया जा रहा है। बीसीसीएल द्वारा पोकलेन से मलबे को हटाने का कार्य किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के अंदर अभी कुछ और लोग दबे हो सकते हैं।
Also read- जलभराव से मकानों में आई दरार : 14 मकानों पर गिरने का बना खतरा
धनबाद पुलिस की ओर से किसी मौत की पुष्टि नहीं
खदान हादसे पर बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन और धनबाद पुलिस (Dhanbad Police) की ओर से किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके द्वारा 5 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। जिनमें 3 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि हर दिन की तरह स्थानीय लोग अवैध कोयला खनन करने वहां पहुंचे थे। अचानक कोयला काटने के दौरान ऊपर से मिट्टी का ढेर और कोयले की चट्टान लोगों के ऊपर आ गिरा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
Also read- उधमपुर में बारिश के कारण मकान गिरा, दो मासूम बच्चों की मौत- एलजी ने दुख जताया