Hariyali Teej 2022: इस साल कुछ खास अंदाज में मनाए तीज का त्यौहार, इन टिप्स से विवाहित जोड़ों में बढ़ेगा प्यार
हरियाली तीज (Hariyali Teej) पर पति का साथ होना बहुत जरूरी है, यह साथ कुछ खास अंदाज में होना चाहिए, इससे आपके रिश्ते में नयापन और मजबूती बनी रहती है।;
हरियाली तीज (Hariyali Teej 2022) पर पति का साथ होना बहुत जरूरी है, यह साथ कुछ खास अंदाज में होना चाहिए। इससे आपके रिश्ते में नयापन और मजबूती बनी रहती है, आज हम आपको बताते हैं कि खास अंदाज में अपने पति का साथ पाने के लिए आपको क्या करना होगा। इसके लिए आपको बस जरा से प्रयास करने हैं और फिर आपको मिल जाएगा प्यारा और यादगार साथ।
विवाह (Marriage) के पवित्र बंधन में बंधने के बाद हर दंपती की यही ख्वाहिश होती है, उसका वैवाहिक जीवन (Married Life) हमेशा खुशियों से भरा रहे। इसके लिए वे कई तरह से प्रयास भी करते हैं, त्यौहारों के रीति-रिवाज भी अपनाते हैं, जो घर के बड़े-बूढ़े बताते हैं। दांपत्य जीवन से जुड़ा हरियाली तीज भी इनमें से एक त्यौहार है। इसे महिलाएं बहुत मनोयोग के साथ मनाती हैं। यह बहुत ही अच्छा अवसर है, जब आप अपने पति का ऐसा प्यारा साथ पा सकती हैं, जो आपके दांपत्य जीवन में मधुरता घोलेगा, प्यार को बढ़ाएगा। इसके लिए आपको कोई लंबे-चौड़े प्रयास नहीं करने हैं, बस तीज के दिन उनको अपने साथ जोड़े रखना है। ऐसे पल गुजारने हैं, जो मीठी यादगार बनें।
पूजा की तैयारी में पति की लें मदद: हरियाली तीज के दिन पत्नियां अपने पति के मंगल के लिए भगवान शिव का व्रत रखती हैं। शिवजी के साथ माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करती हैं। आपको पूजा अपने घर की या आस-पड़ोस की महिलाओं के साथ करनी होती है। लेकिन इससे पहले पूजा की पूरी तैयारी करनी होती हैं, पूजा की थाली में समस्त आवश्यक सामग्री जुटानी होती है। इसमें अपने पति की मदद लीजिए। पूजा की विधिवत थाली तैयार करके, उसे सजाकर उनको जरूर अच्छा लगेगा और आप भी महसूस करेंगी कि जिसके मंगल के लिए आप निराजल व्रत रख रही हैं, पूजा कर रही हैं, उसको आपका कितना ख्याल है। ये बात दोनों के दिल में एक-दूसरे के लिए प्रेम-भाव बढ़ाएगी।
मेहंदी की रंगत: कहा जाता है मेहंदी का रंग तभी चढ़ता है, जब पति अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता है। तीज की तैयारी से पहले आप अपने पति के साथ जाकर उनकी पसंद के डिजाइन की मेहंदी लगवाएं। अपनी हथेली पर मेहंदी से उनका नाम लिखवाएं। आपके हाथों में अपना नाम देखकर उन्हें बहुत खुशी होगी। आप अपने पति के दिल के और करीब आएंगी।
एक-दूसरे की पसंद की ड्रेस पहनें : हरियाली तीज पर पति-पत्नी की ड्रेस कुछ खास जरूर होनी चाहिए। इसके लिए आप अपने पति की पसंद की और पति आपकी पसंद की ड्रेस पहन सकते हैं। हो सके तो कलर मैचिंग करके पहनें, ऐसा करने से आन दोनों एक अलग अंदाज में दिखेंगे। साथ ही जब आप सोलह श्रंगार करके अपने पति के सामने आएंगी तो वह आपको प्यार भरी नजरों से देखते ही रह जाएंगे।
आभा यादव