Health Quest: हड्डियों के दर्द ने कर दिया है परेशान, एक्सपर्ट से जानिए इनके सॉल्यूशन
जहां सर्दियों में हमारे पुराने दर्द उखड़ आते हैं, वहीं गर्मियों में भी हड्डियों के दर्द हमें काफी परेशान करते हैं। अगर आप भी इस मौसम में हड्डियों के दर्द से परेशान हैं तो हम आपके लिए लेकर आएं एक्सपर्ट से आपकी समस्याओं के समाधान;
Health Quest: चाहें ज्यादा सर्दी का मौसम हो या गर्मी का हर मौसम के पीक में हमें अपने शरीर की थोड़ी ज्यादा देखभाल (Take Care of Body) करनी पड़ती है। जहां सर्दियों में हमारे पुराने दर्द (Chronic Pain) उखड़ आते हैं, वहीं गर्मियों में भी हड्डियों के दर्द (Bone Pain) हमें काफी परेशान करते हैं। अगर आप भी इस मौसम में हड्डियों के दर्द से परेशान हैं तो हम आपके लिए लेकर आएं दिल्ली के हेडगेवार हॉस्पिटल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत मिश्रा (Dr. Punit Mishra) से इस दर्द से जुड़े कुछ आम सवालों के जवाब जिन्हें देशभर से हमारे पाठको ने पूछा है।
सवाल- मेरी उम्र 36 साल है। मेरे गर्दन की हड्डी में बहुत दर्द रहता है और मुड़ने में भी दिक्कत होती है। कृपया बताएं क्या करूं?
मालिनी, अंबिकापुर
जवाब- सबसे पहले आप सोते समय तकिए का इस्तेमाल करना बंद कर दें। इसके अलावा नियमित रूप में आप नेक और शोल्डर की एक्सरसाइज करें। अगर आप खुद कोई एक्सरासाइज नहीं कर पा रही हैं, तो ऐसे में आप किसी फिजियोथैरेपिस्ट से संपर्क कर लें। वह आपको नेक-शोल्डर की एक्सरसाइज बताएंगे। आप बताई गई एक्सरसाइज को सुबह-शाम नियमित रूप से करें। इससे आपको काफी राहत मिल जाएगी।
सवाल- मेरी बेटी की उम्र 12 साल है। पार्क में खेलते वक्त उसकी नाक पर फुटबॉल लग गई थी। इससे उसकी नाक की हड्डी हल्की-सी टेढ़ी हो गई है। कृपया बताएं मैं क्या करू?
विमला, रायपुर
जवाब- आपको ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। वह जांच कर बताएंगे कि ऑपरेशन करने की जरूरत है या नहीं। इस मामले में बगैर जांच किए कुछ नहीं बताया जा सकता है।
सवाल- मेरी उम्र 46 साल है। तीन साल पहले मेरे कूल्हे का ऑपरेशन हुआ था। पिछले पंद्रह दिनों से उसी जगह पेन हो रहा है। कृपया बताएं कि दर्द से राहत के लिए मैं क्या कर सकती हूं?
सरला, कोरबा
जवाब- कई बार हम लोग सामान्य स्थितियों में कई ऐसे काम कर लेते हैं, जिसका ऑपरेशन के बाद कमजोर हुए हिस्से पर असर पड़ता है। इसलिए आपको एक बार आर्थोपेडिक डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। आपके जांच के बाद ही परेशानी का कारण पता चलेगा। इसके बाद ट्रीटमेंट किया जा सकता है।
सवाल- मेरी उम्र 40 साल है। कुछ महीनों पहले मेरा एल्बो फ्रेक्चर हो गया था। अब प्लास्टर निकल गया है, लेकिन अब भी दर्द बना हुआ है। हिलाने-डुलाने में भी दिक्कत होती है। प्लीज बताएं मैं क्या करूं?
राजबाला, कांकेर
जवाब- आपको दोबारा अपने एल्बो का एक्स-रे करवाना चाहिए। कई बार हड्डी ठीक से जुड़ती नहीं है, जिस वजह से प्लास्टर उतरने के बाद भी दर्द रहता है। इसलिए आप डॉक्टर से संपर्क करें। वे ही आपको दर्द निवारण के उपाय बताएंगे।
सवाल- मेरे पति की उम्र 50 साल है। उन्हें बैक में बहुत ज्यादा पेन रहता है, जबकि वे ना तो कहीं गिरे हैं और ना ही उन्होंने कोई वजन उठाया है। कृपया बताएं कि उनके लिए मैं क्या कर सकती हूं?
सावित्री, रायपुर
जवाब- आप यह चेक करें कि कहीं आपके पति की जॉब लंबी सिटिंग वाली तो नहीं है। दरअसल, लंबे समय तक बैठे रहने की वजह से मौजूदा समय इस तरह की समस्याएं लोगों में काफी ज्यादा देखी जा रही हैं। साथ ही आप यह भी ध्यान रखें कि आपके पति की उम्र भी बढ़ रही है। ऐसे में बैक पेन की एक वजह कैल्शियम की कमी भी हो सकती है। आप उनके कैल्शियम की जांच करवाएं। आप उनकी डाइट में दूध और दूध से बने प्रोडक्ट के अलावा डॉक्टर से पूछ कर सप्लीमेंट्स भी शामिल करें। इस तरह उन्हें बैक पेन से कुछ राहत मिल सकती है।