Toothache दूर करने के लिए आज ही डाइट में शामिल करें ये न्यूट्रिएंट्स
Toothache: शरीर में कुछ पोषक तत्वों की कमी के कारण दांतों की सड़न और मसूड़ों की बीमारी हो सकती है। तो आइए जानते हैं, उन पोषक तत्वों के बारे में...;
Toothache: सेहतमंद जिंदगी जीने के लिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ओरल हेल्थ का भी ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अक्सर लोग दांतों की सड़न, झनझनाहट, दर्द आदि दिक्कतों से परेशान रहते हैं। ऐसे में अगर आपको लगता है कि दांतों की बीमारी के लिए सिर्फ बैक्टीरिया जिम्मेदार होते हैं, तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। दरअसल, शरीर में विटामिन्स की कमी की वजह से भी दांतों से जुड़ी बीमारियां परेशान कर सकती हैं। खराब खानपान के अलावा भी कुछ पोषक तत्वों की कमी के कारण आपको दांतों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। आइए जानते हैं, उन पोषक तत्वों के बारे में जिनसे दांतों की समस्या उत्तपन होती है।
फास्फोरस: दांतों को स्वस्थ रखने के लिए फास्फोरस बेहद जरूरी माना जाता है। यह दांतों के इनेमल को कठोर बनाता है, क्योंकि यह कैल्शियम को सोखने में मदद करता है। इससे आपके दांतों और हड्डियों को मजबूती मिलती है। आप फास्फोरस की कमी को दूर करने के लिए कुछ फूड्स का सेवन कर सकते हैं। शरीर में फास्फोरस की कमी को दूर करने के लिए डेयरी प्रोडक्ट्स, मीट, मछली, नट्स खा सकते हैं। फास्फोरस की मात्रा से भरपूर आहार दांतों की सड़न को रोकने में मदद करते हैं।
कैल्शियम: कैल्शियम की कमी के कारण आपके दांत काफी कमजोर हो सकते हैं। यह मसूड़ों के लिए बहुत जरूरी माना जाता है। दांतों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए आपको अपनी डाइट में कैल्शियम से भरपूर फूड्स शामिल करना चाहिए। इसके लिए दूध, पनीर, पत्तेदार साग, बादाम, दही, संतरे के जूस आदि का सेवन करें। इनका सेवन आपके दांतों के लिए फायदेमंद साबित होगा।
विटामिन-बी 12: विटामिन बी 12 की कमी से मुहं में बदबू, छाले और दांत संबंधित बीमारियां होने की आशंका रहती हैं। यह आपके शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में भी मदद करता है। आप अपनी डाइट में बादाम का दूध, डेयरी प्रोडक्ट्स या सोया शामिल कर सकते हैं, जिससे विटामिन बी12 की पूर्ति हो सकेगी।
विटामिन-सी: विटामिन सी मसूड़ों को स्वस्थ और मजबूत बनाने का काम करता है। विटामिन-सी मसूड़ों में से खून को बहने से भी रोकता है, यह इंफेक्शन से लड़ने में भी हेल्प करता है। अगर आपको पर्याप्त मात्रा में विटामिन सी नहीं मिल पाता है, तो आपको मसूड़ों की बीमारी और कैविटी जैसी समस्या झेलनी पड़ सकती है। दांतों को स्वस्थ बनाने के लिए विटामिन-सी युक्त फूड्स का सेवन जरूर करें। इसके लिए आप शिमला मिर्च, खट्टे फल, ब्रोकली और टमाटर आदि को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।
विटामिन-डी: विटामिन-डी दांतों को स्वस्थ रखने के साथ मजबूती भी प्रदान करता है। विटामिन-डी की कमी से मसूड़ों में सूजन या अन्य बीमारी लग सकती है। शरीर में विटामिन-डी की कमी को पूरा करने के लिए आप अपने खाने में कई सारी चीज़ों को शामिल कर सकते हैं। जैसे- अंडे की जर्दी, फैटी फिश, गाजर और दूध का सेवन जरूर करें। अगर आप चाहें तो सुबह के समय धूप ले सकते हैं।