Health Quest: सीने में चुभन हो या स्किन प्रोब्लेम्स, अपनी डेली लाइफ की समस्याओं पर जानें एक्सपर्ट्स की राय

शरीर से जुड़ी आम सी समस्याओं को लेकर जानिए क्या कहते हैं (Health Quest) एक्सपर्ट्स, किस तरह कर सकते हैं इन बीमारियों से बचाव।;

Update: 2022-10-13 11:53 GMT

Health Quest: मौजूदा समय में फिट (Fit) रहना काफी बड़ा टास्क जैसा बन गया है, हम अपनी जिंदगी में इतने बिजी हो गए हैं कि अपनी ही सेहत का ख्याल रखना भी हमे काम कि तरह लगने लगा है। बिगड़ते लाइफस्टाइल के कारण लोग ज्यादा बीमार होते हैं, एक उम्र के बाद वह कई तरह की बीमारियों का शिकार होने लग जाते हैं। इसलिए हम अपने हेल्थ क्वेस्ट के इस सीजन में लेकर आए हैं कुछ आम लोगों के बहुत ही आम से सवाल। हमारे पाठकों के इन सवालों (Health Quest) के जवाब एनसीआर के सीनियर फिजिशियन डॉ. आर.पी. सिंह (Dr. R. P. Singh) ने दिए हैं।

सवाल: मेरी उम्र 45 वर्ष है। पिछले कुछ हफ्तों से मुझे रह-रहकर सीने में सुई चुभने जैसा दर्द होता है। मेरी फैमिली में हार्ट प्रॉब्लम की हिस्ट्री नहीं रही है। कृपया बताएं मुझे क्या करना चाहिए?

-राजकुमार, रायपुर

जवाब: सीने में चुभन होने का मतलब हार्ट की बीमारी ही हो, यह जरूरी नहीं होता। कई बार अन्य कारणों की वजह से सीने में चुभन जैसी समस्या शुरू हो जाती है। लेकिन इसके लिए आपको एक बार जांच जरूर करा लेनी चाहिए, क्योंकि कई बार हार्ट की समस्या के कारण ऐसा होता है। बगैर जांच कराए कुछ भी कहना मुश्किल है। आपको कार्डियोलॉजिस्ट से संपर्क कर ईसीजी और ईको जांच करा लेनी चाहिए।

सवाल: मेरी उम्र 39 वर्ष है। मेरी छाती और बाएं कंधे में अकसर दर्द रहता है। दर्द के दौरान सांस लेने में भी दिक्कत होती है। ऐसा क्यों हो रहा है, कृपया मेरी समस्या का समाधान बताएं?

-मनोज, रोहतक

जवाब: इस तरह की समस्या कई बार फ्रोजन शोल्डर की वजह से होती है, जिससे कंधे के आस-पास दर्द रहने लगता है। इसके लिए आपको एक बार फिजियोथेरेपिस्ट से संपर्क करना चाहिए। वो आपको कुछ एक्सरसाइज बताएंगे, जिन्हें नियमित रूप में करना चाहिए, इससे आपको आराम मिल जाएगा।

सवाल: मेरी उम्र 66 वर्ष है। कुछ दिनों से मुझे बिल्कुल भूख नहीं लगती है। खाना न खाने से कमजोरी भी लगने लगी है। मेरी समस्या का कोई समाधान बताएं?

-दया शंकर, जांजगीर-चांपा

जवाब: आपको जनरल फिजिशियन से संपर्क कर खून की जांच करवानी चाहिए। कई बार टीबी या संक्रमण की वजह से हल्का-हल्का फीवर रहता है, जो हो सकता है, नापने में न आए। इस वजह से कई बार भूख कम लगती है। रिपोर्ट के बाद बीमारी का ट्रीटमेंट किया जा सकेगा।

सवाल: मेरी उम्र 50 साल है। कुछ दिनों से मेरे हाथों, गले और चेहरे पर छोटे-छोटे काले धब्बे निकल आए हैं। ऐसा क्यों हो रहा है, इनका क्या इलाज है?

-अनुराग, जबलपुर

जवाब: कई बार इस मौसम में त्वचा के संक्रमण होने से इस तरह की समस्या देखी जाती हैं। लेकिन बगैर जांच किए कुछ नहीं कहा जा सकता है। आपको एक बार त्वचा रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। वो जांचकर उपचार करेंगे। इस तरह के मामले में अपने आप कोई दवा लेना नुकसानदायक हो सकता है।

सवाल: मेरी उम्र 29 साल है। मेरा वजन 48 किलोग्राम और लंबाई 5 फीट 2 इंच है। कृपया बताएं वजन बढ़ाने के लिए मेरी डाइट कैसी होनी चाहिए?

-प्रत्यूष, दिल्ली

जवाब: सबसे पहले आप अपनी बीएमआई यानी बॉडी मास इंडेक्स चेक कराएं और देखिए कि उसके अनुसार आपका वजन सामान्य है या नहीं? अगर सामान्य है तो चिंता की कोई बात नहीं है। कुछ लोगों का वजन कम होता है और कुछ लोगों का अधिक होता है। अगर आप अंडरवेट आ रहे हैं तो जरूर आपको एक बार फिजिशियन से संपर्क कर जांच करानी चाहिए, जिससे पता चल सकेगा कि कोई बीमारी तो नहीं है।

प्रस्तुति- रिचा पांडे

Tags:    

Similar News