Budget 2023: निर्मला सीतारमण ने पेश किया 2023-24 का आम बजट, बोलीं- भारतीय अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर..., विपक्ष नाराज

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज देश के आम बजट 2023-24 को प्रस्तुत किया है। यहां पढ़िये दिनभर की तमाम लाइव अपडेट्स...;

Update: 2023-02-01 03:00 GMT

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज सुबह 11 बजे 2023-24 का केंद्रीय बजट पेश किया। मोदी 2.0 सरकार में यह पांचवां बजट है। आगामी चुनावों के मद्देनजर यह पहला पूर्ण आम बजट है। बजट 2023 से टैक्स स्लैब, कृषि, शिक्षा, हेल्थ, स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र और तमाम सरकारी योजनाओं के विस्तार से लेकर हर आयु वर्ग के लोगों की उम्मीदों को पूरा किया है। टैक्स पेयर्स को सात लाख तक की सालाना कमाई पर कोई कर नहीं देना होगा। व्यक्तिगत आयकर की नई टैक्स दर में भी बड़ा बदलाव किया गया है। हालांकि विपक्ष इस बजट से नाखुश है। आम बजट से संबंधित खबरें यहां पढ़िये...

यहां पढ़िये वित्त मंत्री का संबोधन

वित्त मंत्री निर्मला सीतारण ने ठीक 11 बजे से बजट पेश करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि अमृत काल में यह पहला बजट है। कोविड के बावजूद अर्थव्यवस्था में सुधार आया। भारतीय अर्थव्यवस्था चमकता सितारा है। वर्तमान वर्ष के लिए हमारी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7% रहने का अनुमान है, यह विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है। भारतीय अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 2 लाख करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। अंत्योदय योजना के तहत गरीबों के लिए मुफ्त खाद्यान्न की आपूर्ति को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। हमारा आर्थिक एजेंडा नागरिकों के लिए अवसरों को सुविधाजनक बनाने, विकास और रोज़गार सृजन को तेज़ गति प्रदान करने और व्यापक आर्थिक स्थिरता को मज़बूत करने पर केंद्रित है। 

कृषि से जुड़े स्टार्ट अप को प्राथमिकता दी जाएगी

उन्होंने कहा कि कृषि से जुड़े स्टार्ट अप को प्राथमिकता दी जाएगी। युवा उद्यमियों द्वारा कृषि-स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि त्वरक कोष की स्थापना की जाएगी। कृषि क्षेत्र के लिए स्टोर क्षमता बढ़ाएंगे। मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए श्री अन्न योजना होगी। यह बजट अगले साल का ब्लू प्रिंट है। पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन पर ध्यान देते हुए कृषि ऋण लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपये किया जाएगा। बच्चों और किशोरों के लिए राष्ट्रीय डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किया जाएगा। 

टैक्स पेयर्स को बड़ी राहत

उन्होंने कहा कि पीएम विश्व कर्म कौशल सम्मान पैकेज की परिकल्पना पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के लिए की गई है, जो उन्हें एमएसएमई मूल्य श्रृंखला के साथ एकीकृत करते हुए अपने उत्पादों की गुणवत्ता, पैमाने और पहुंच में सुधार करने में सक्षम बनाएगा। उन्होंने कहा कि सात लाख तक सालाना कमाने वालों को कोई कर नहीं देना होगा। व्यक्तिगत आयकर की नई टैक्स दर 0 से 3 लाख रुपये तक शून्य, 3 से 6 लाख रुपये तक 5%, 6 से 9 लाख रुपये 10%, 9 से 12 लाख रुपये 15%, 12 से 15 लाख रुपये तक 20% और 15 लाख से ऊपर 30% रहेगी। यहां क्लिक करके पढ़िये पूरी खबर...

मोबाइल और टीवी होंगे सस्ते

उन्होंने कहा कि बजट 2023 की 7 प्राथमिकताएं समावेशी विकास, अंतिम छोर तक पहुँचना, बुनियादी ढांचा और निवेश, क्षमता को उजागर करना, ग्रीन ग्रोथ, युवा शक्ति और वित्तीय क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल और टीवी के दाम सस्ते होंगे। साथ ही, इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर के लिए भी बड़े ऐलान बजट 2023 में क्या सस्ता हुआ-क्या महंगा, यहां क्लिक करके पढ़िये पूरी खबर...

विपक्ष बजट से नाखुश 

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत कई विरोधी दलों ने 2023-24 आम बजट पर नाखुशी जताई है। विपक्ष का कहना है कि यह बजट केवल जनता को गुमराह करने वाला बजट है। किसने क्या कहा, यहां क्लिक करके पढ़िये पूरी खबर...  

राहुल के पहुंचने पर भारत जोड़ो के लगे नारे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर संसद के बाहर दिखाई दिया। बजट पेश होने से पहले राहुल गांधी जब संसद पहुंचे तो भारत जोड़ो के नारे लगे। नीचे देखिये वीडियो...

सोनिया गांधी भी संसद पहुंची

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी संसद पहुंची हैं। उधर, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि हिंदुस्तान में गरीबी, बेरोजगारी-महंगाई बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया जाना चाहिए। बजट पेश होने के बाद पता चलेगा कि सरकार हमारी उम्मीदों पर खरी उतरती है या नहीं। 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने साधा निशाना

केंद्रीय बजट 2023 की प्रतियां संसद में पहुंच गई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम बजट देखने के बाद अपनी प्रतिक्रियाएं देंगे। 

संसद पहुंची वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

राष्ट्रपति भवन के लिए निकलीं वित्त मंत्री

9:01 बजे: वित्त मंत्री सीतारमण अब राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो चुकी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बजट को मंजूरी प्रदान करेंगी। इसके बाद वित्त मंत्री संसद भवन पहुंचेंगी। यहां सवा दस बजे कैबिनेट बैठक होगी।

घर से निकल चुकी हैं वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह 8:40 बजे अपने घर से निकल चुकी हैं। सुबह 9:00 बजे नॉर्थ ब्लॉक पहुंचेंगी। नॉर्थ ब्लॉक में कुछ समय बिताने के बाद करीब वह 9:20 बजे राष्ट्रपति भवन के लिए निकलेंगी। राष्ट्रपति भवन से निकलकर सुबह फिर 10:00 बजे वह संसद भवन पहुंचेंगी। फिर इसके बाद सुबह 10:15 बजे पहले कैबिनेट की बैठक होगी और इसमें बजट पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। फिर सुबह 11 बजे से लोकसभा में बजट भाषण शुरू होगा। वित्त मंत्री नेशनल मीडिया सेंटर में दोपहर 3:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगी।


आम बजट पेश होने से पहले पूजा पाठ

वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड ने सरकार द्वारा आम बजट पेश होने से पहले पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज सुबह 11 बजे वित्त मंत्री संसद में बजट पेश करेंगी। इससे पूर्व उनके नेतृत्व में मेरे सहयोगी पंकज चौधरी और सचिव सुबह 9 बजे राष्ट्रपति से मिलेंगे। सुबह 10 बजे पीएम मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि देश ने कोविड महामारी से अच्छी तरह रिकवरी की है। आर्थिक सर्वेक्षण को देखें तो सभी क्षेत्रों में प्रगति हो रही है। अन्य देशों की तुलना में हमारी अर्थव्यवस्था अच्छी है। 2014 में भारत अर्थव्यवस्था के लिहाज से 10वें स्थान पर था और आज 5वें स्थान पर है। 


Tags:    

Similar News