'INDIA' के खिलाफ AAP की बगावत! Bihar में लड़ेगी चुनाव, RJD बोली- केजरीवाल भूल गए सिद्धांत

AAP to Contest Bihar: विपक्ष की महागठबंधन (Grand Alliance) में एक बार फिर से फूट पड़ती दिख रही है। सीएम अरविंद केजरीवाल (Kejriwal) की आम आदमी पार्टी ने बिहार में भी विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) लड़ने का ऐलान कर दिया है। इसको लेकर आरजेडी ने केजरीवाल को नसीहत दे डाली है।;

Update: 2023-08-27 11:21 GMT

AAP to Contest Bihar: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) की तैयारियां जोरों पर है। इस कड़ी में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने बड़ा ऐलान कर दिया है। इसके बाद महागठबंधन (Grand Alliance) में एक बार फिर से दरार पड़ती दिख रही है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि बिहार (Bihar) में वैसा विकास नहीं हुआ, जैसा होना चाहिए, इसलिए हम बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक (Sandeep Pathak) ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बिहार के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की है। इस बैठक में AAP ने फैसला किया है कि वह बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इस बैठक में आम आदमी पार्टी के विधायक और बिहार चुनाव प्रभारी अजेश यादव (Election in-charge Ajesh Yadav) भी मौजूद थे।

पूरे देश को राजनीति सिखाता है बिहार- पाठक

दिल्ली में हुई इस बैठक में संदीप पाठक ने कहा कि बिहार कई सारे लोग आकर हमसे पूछते हैं कि आम आदमी पार्टी बिहार में चुनाव कब लड़ेगी, बिहार में AAP की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिहार में हमारे पास संगठन का स्ट्रक्चर नहीं है, लेकिन हमारे पास बड़ी तादाद में बिहार में काम करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि बिहार एक ऐसा राज्य है, जो पूरे देश को राजनीति सिखाता है। यहां के लोगों को यह बताने की जरूरत नहीं है कि राजनीति क्या होती है। बिहार के 10 साल के बच्चे को भी राजनीति के बारे में पता होती है।

'बिहार चुनाव में आर या पार की लड़ाई'

पाठक ने कहा कि बिहार गन्दी राजनीति का शिकार हुआ है, इसलिए विकास काफी पीछे है। इसलिए आम आदमी पार्टी बिहार में चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ 10 जगह से चुनाव लड़कर हारने का कोई फायदा नहीं है, इसलिए हम यहां अपनी पूरी ताकत से चुनाव लड़ने वाले हैं। राज्य में लड़ाई आर या पार की होगी। ऐसे में महागठबंधन पर एक बार फिर से तलवार लटकती दिख रही है। एक ओर AAP बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन में शामिल हो रही है, दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। 

मनोज झा बोले- 'INDIA' के सिद्धांत को भूल गए केजरीवाल

AAP के बिहार की राजनीति में एंट्री करने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने केजरीवाल पर निशाना साध दिया है। उन्होंने कहा कि जब इंडिया गठबंधन की नींव रखी जा रही थी, तो इसके लिए कुछ सिद्धांत भी बनाए गए थे। इसको लेकर विस्तृत रूप से बातचीत भी हुई थी। मुझे लगता है कि आम आदमी पार्टी को उन सिद्धांतों को भूलना नहीं चाहिए। गठबंधन में फैसला किया गया था कि जिस पार्टी का जिस राज्य में वर्चस्व है, वो फिलहाल वहीं तक सीमित रहेगी, लेकिन AAP दिल्ली और पंजाब छोड़ बिहार में एंट्री कर रही है।

ये भी पढ़ें...Lok Sabha Election: महागठबंधन में आई दरार, दिल्ली की सभी सीटों पर लडे़गी कांग्रेस, AAP बोली- फिर बैठक में जाने का क्या मतलब

Tags:    

Similar News