कांग्रेस नेता के लटके-झटके वाले बयान पर बवाल, राहुल गांधी को खुली चुनौती, मर्द हैं तो...
कांग्रेस नेता अजय राय के लटके-झटके वाले बयान पर देश भर में बवाल मचा हुआ है। इस बयान पर भाजपा आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने अपनी टिप्पणी की है।;
कांग्रेस नेता अजय राय के लटके-झटके वाले बयान पर देश भर में बवाल मचा हुआ है। बीते सोमवार को कांग्रेस नेता अजय राय ने स्मृति ईरानी को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि केंद्रीय मंत्री अमेठी में आती हैं और सिर्फ लटके-झटके दिखा कर चली जाती हैं। जबकि यह सीट हमेशा से गांधी परिवार का गढ़ रही है। इस बयान के बाद से ही राहुल गांधी और स्मृति ईरानी को लेकर एक नया विवाद छिड़ गया है।
अजय राय के इस बयान पर भाजपा आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी मर्द हैं, तो उन्हें 2024 में अमेठी के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा करनी चाहिए। राहुल गांधी को अजय राय जैसे लोगों के पीछे नहीं छिपना चाहिए। अमित मालवीय ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए यह भी कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो 2024 के लोकसभा चुनाव में वह सिर्फ एक सीट से चुनाव लड़ें।
वहीं दूसरी ओर भाजपा महिला मोर्चा ने अजय राय के विवादित बयान के लिए उत्तर प्रदेश में पुलिस शिकायत दर्ज कराई है। अजय राय के इस बयान के बाद से दोनों पार्टियां एक दूसरे पर तंज कस रही हैं। अजय राय ने अपने इस बयान का बचाव करते हुए कहा कि लटके-झटके कोई अश्लीलता वाला शब्द नहीं है। यह क्षेत्रीय भाषा में बोली जाने वाला एक सामान्य शब्द है। अजय राय ने आगे कहा कि मैंने किसी का अपमान नहीं किया है। यह शब्द हमारी बोलचाल की भाषा है, जिसका मतलब होता है अचानक प्रकट होना फिर गायब हो जाना।
अजय राय पर मुकदमा दर्ज
अजय राय के लटके-झटके वाले विवादित बयान के बाद भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने उनके खिलाफ राबर्ट्सगंज कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के लगाए गए आरोप के आधार पर अजय राय के खिलाफ आईपीसी की धारा 354-क, 501 और 509 के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं महिला आयोग ने भी उनके बयान पर नोटिस जारी किया था।