भारत-चीन सीमा विवाद के बाद तवांग में संपर्क के लिए लगाए जाएंगे और टावर
भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश के तवांग में हुए सीमा विवाद के बाद वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास संपर्क सुविधा सुधारने के लिए मोबाइल टावर लगाए जाएंगे।;
India China Border Dispute: भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश के तवांग में हुए सीमा विवाद के बाद वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास संपर्क सुविधा सुधारने के लिए सरकार ने क्षेत्र में और मोबाइल टावर लगाने का फैसला किया है। तवांग जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी है। बता दें कि भारत और चीनी सैनिकों के बीच नौ दिसंबर को तवांग सेक्टर में हुए संघर्ष के बाद यह फैसला किया गया है।
तवांग के उपायुक्त के. एन. दामो ने बताया कि बीएसएनएल और भारती एयरटेल की कनेक्टिविटी में सुधार के लिए 23 नए मोबाइल टावर लगाएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा टावर सही तरह से सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं। जिससे चलते न सिर्फ रक्षा बलों को बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पहले इन इलाकों में मोबाइल नेटवर्क नहीं थे, लेकिन अब समय और स्थिति दोनों बदल गई है। हालांकि बुम-ला तथा वाई-जंक्शन पर भी लोग इंटरनेट व मोबाइल सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। लेकिन इसमें और सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसमें इस काम के लिए रक्षा क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। मागो, चूना और निलिया जैसे नागरिक क्षेत्रों को भी नजरअंदाज नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 43 नए टावर लगाने का अनुरोध किया था। नए टावर लगाने के लिए सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लेकिन सर्दी अधिक होने के चलते इसमें थोड़ा समय लग रहा है। जिले के पहाड़ी इलाकों में पहले से ही बर्फबारी हो रही है, जबकि शहर में रविवार रात पहली बार बर्फबारी हुई। जिसके कारण तापमान शून्य से नीचे पर पहुंच गया।