एशिया की पहली महिला ट्रेन ड्राइवर ने दौड़ाई Vande Bharat Express, जानें कौन हैं सुरेखा यादव

पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव ने अपनी टोपी में एक और पंख जोड़ लिया है, क्योंकि वह सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने वाली पहली महिला बन गई हैं।;

Update: 2023-03-14 11:29 GMT

सुरेखा यादव, यह वो नाम है जो आज सुर्खियों में छाई हुई हैं। पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव ने अपनी टोपी में एक और पंख जोड़ लिया है, क्योंकि वह सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने वाली पहली महिला बन गई हैं।

सुरेखा ने 450 किलोमीटर का सफर किया तय

सोमवार को मुंबई में सोलापुर स्टेशन और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच सेमी-हाई स्पीड ट्रेन का संचालन किया। मध्य रेलवे ने बताया कि ट्रेन निर्धारित आगमन से पांच मिनट पहले ही सीएसएमटी पहुंची। इस दौरान सुरेखा यादव ने 450 किलोमीटर से अधिक लंबी दूरी का सफर तय किया। यादव को सीएसएमटी के प्लेटफार्म नंबर 8 पर सम्मानित किया गया।

केंद्रीय रेल मंत्री ने बताया बड़ी उपलब्धि

सुरेखा यादव के द्वारा वंदे भारत ट्रेन दौड़ाने को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया कि यह नारी शक्ति की एक नई मिसाल पेश करता है। इस के साथ ही मध्य रेलवे ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस को सुरेखा यादव ने पटरियों पर दौड़ाकर रेलवे में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। सुरेखा यादव ने वंदे भारत ट्रेन को चलाने का मौका दिए जाने पर रेलवे का आभार व्यक्त किया है।

एशिया की पहली महिला ट्रेन चालक हैं सुरेखा यादव

सुरेखा यादव साल 1988 में पहली बार ट्रेन का संचालन किया था। इस दौरान उन्होंने न केवल देश में बल्कि एशिया में भी नया कीर्तिमान बनाया था। वह एशिया की पहली महिला ट्रेन चालक बनी थी। पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र के सतारा की रहने वाली यादव ने अपनी उपलब्धियों के लिए अब तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार जीते हैं। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर, मध्य रेलवे ने सभी महिला कर्मचारियों के साथ मुंबई-पुणे डेक्कन क्वीन एक्सप्रेस और सीएसएमटी-कल्याण महिलाओं के लिए लोकल ट्रेन को भी दौड़ाया था।

Tags:    

Similar News