Assembly Election 2022: गुजरात में BJP ने जारी की 160 उम्मीदवारों की लिस्ट, क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी को मिला टिकट
अगले महीने गुजरात में विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections) होने हैं। इसके चलते भाजपा (BJP) ने आज यानी गुरुवार को अपनी पहली 160 उम्मीदवारों की सूची (Candidates List) जारी कर दी है।;
गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections) को लेकर भाजपा (BJP) ने आज यानी गुरुवार को 160 प्रत्याशियों की पहली सूची (Candidates List) जारी कर दी है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Chief Minister Bhupendra Patel) को घाटलोदिया से टिकट दिया गया है। वह इस सीट से मौजूदा विधायक हैं। वहीं क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को जामनगर नॉर्थ से मैदान में उतरा गया है।
वही, इस लिस्ट में बीजेपी ने मोरबी हादसे को लेकर खास धयान दिया है। बीजेपी ने मोरबी सीट से मौजूदा विधायक और मंत्री ब्रजेश मेरजा का टिकट काट दिया है। उनकी जगह कांतिलाल अमृतिया को टिकट दिया है। अमृतिया हादसे में लोगों की जान बचाते हुए नजर आए थे, जिसके बाद उनका नाम लगातार सुर्खियों में चल रहा था।
इसके अलावा वीरमगाम से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को मैदान में उतारा है। भाजपा ने महिला उम्मीदवारों पर भी खास फोकस करते हुए 14 महिलाओं की टिकट दिया है। इससे पहले शुक्रवार को बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए थे। इस बैठक में गुजरात की सभी 182 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई थी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। मौजूदा विधायक रूपाणी अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक मुख्यमंत्री रहे थे। बता दें गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं, गुजरात में दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को मतदान होगा। हिमाचल प्रदेश के साथ ही नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे।