किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए बीजेपी ने किया कार्य समिति का विस्तार
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रदेश भाजपा की कार्य समिति की घोषणा कर दी है। इस कार्य समिति में सभी वर्गों और क्षेत्रों को समायोजित करने का प्रयास किया गया है। किसानों की नाराजगी दूर करने और पंचायत चुनाव (Panchayat Election) के मद्देनजर भी इस कार्य समिति में काम किया गया है।;
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रदेश भाजपा की कार्य समिति की घोषणा कर दी है। इस कार्य समिति में सभी वर्गों और क्षेत्रों को समायोजित करने का प्रयास किया गया है। किसानों की नाराजगी दूर करने और पंचायत चुनाव (Panchayat Election) के मद्देनजर भी इस कार्य समिति में काम किया गया है। किसान आंदोलन को देखते हुए भाजपा ने पश्चिम में ज्यादा लोगों को जोड़कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की है। बड़ी संख्या में इस कार्य समिति में जाट नेताओं को मौका दिया गया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश (UP) के लोगों को शामिल करके संदेश दिया गया है कि प्रदेश भाजपा किसानों (Farmers) की रहनुमाई में कोई कोर कसर नहीं छोड़ने वाली। जाहिर है कि भाजपा ने इस कार्य समिति के जरिए चुनावी बिसात (Election board) बिछा दी है।
नई कार्य समिति में 323 सदस्य
देर शाम भाजपा ने कार्य समिति के सदस्यों के नामों की घोषणा की। इसमें 323 सदस्यों के नामों का एलान किया गया है। प्रदेश भाजपा की इस कार्यसमिति में 94 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं। भाजपा ने स्थाई 28 नामित सदस्य भी बनाए हैं। भाजपा कार्य समिति की बैठक राजधानी में 15 मार्च को होगी। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
पीएम सीएम भी कार्यकारणी में शामिल
स्थाई सदस्य के रूप में इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह स्थाई नामित सदस्य होंगे। मुरली मनोहर जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भाजपा के स्थाई सदस्य होंगे। उमा भारती, केसरी नाथ त्रिपाठी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, अरूण सिंह, रेखा वर्मा, विनोद सोनकर, हरीश द्विवेदी, राज कुमार चाहल, राजेश अग्रवाल, सूर्य प्रताप साही, रमा पति राम त्रिपाठी, विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह, लक्ष्मी कांत बाजपेयी, हरदीप सिंह पुरी, संजीव बालियान, डॉ. बीके सिंह, संतोष गंगवार, डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय, स्मृति इरानी, साध्वी निरंजन ज्योति, मुख्तार अब्बास नकवी को भाजपा का स्थाई सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश के जिला अध्यक्ष,जिला प्रभारी और मेयर आंमत्रित सदस्य बनाए गए
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने अपनी कार्यकारणी में सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और महापौरों को आमंत्रित सदस्य के रूप में स्थान दिया है। किसानों को लुभाने के लिए जनाधार वाले नेताओं को शामिल किया गया है। भाजपा छोड़कर रालोद में गए किरनपाल जाट नेता होने के नाते प्रमुखता से इसमें शामिल किए गए हैं। अगर संख्या देखें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 58 सदस्य कार्य समिति में शामिल किए गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले भाजपा के बृजक्षेत्र में 64 सदस्य बनाए गए हैं। इस तरह 122 सदस्य पश्चिम से हैं।